लंदन में भारतीय उच्चायोग ने आंबेडकर की 136वीं जयंती मनाई

Ads

लंदन में भारतीय उच्चायोग ने आंबेडकर की 136वीं जयंती मनाई

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 04:21 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 04:21 PM IST

लंदन, 16 अप्रैल (भाषा) लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने पुष्पांजलि अर्पित कर ‘भारत रत्न’ डॉ. बी. आर. आंबेडकर की 136वीं जयंती मनाई और समानता के बाबासाहेब के संदेश पर विचार साझा किया।

बुधवार शाम को ‘इंडिया हाउस’ के आंबेडकर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में ‘फेडरेशन ऑफ अंबेडकराइट एंड बुद्धिस्ट ऑर्गेनाइजेशन्स’ (एफएबीओ) ब्रिटेन के सदस्यों, छात्रों और समुदाय के नेताओं द्वारा भारतीय संविधान के प्रमुख निर्माता के दूरगामी सामाजिक-आर्थिक योगदान की प्रशंसा में काव्यात्मक प्रस्तुतियों से माहौल जीवंत हो उठा।

इस मौके पर आंबेडकर के जीवन और करियर की कई प्रमुख घटनाओं को शामिल करते हुए एक वीडियो दिखाया गया, जिसमें लंदन में विधि छात्र के रूप में बिताये गए उनके समय को भी प्रदर्शित किया गया।

ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दुरईस्वामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आंबेडकर का यह संदेश कि लोकतंत्र का सार इस विचार में निहित है कि हम सभी लोगों के साथ समान व्यवहार करें, एक आधुनिक राष्ट्र के लिए काफी महत्व रखता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘और बेशक, यह एक ऐसी यात्रा है जो न केवल भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में अब भी जारी है। हम लगातार असमानता और लैंगिक एवं सामाजिक आधार पर हिंसा के दौर में जी रहे हैं। लेकिन, बाबासाहेब ने जो सत्यवाद हमें सिखाया है, उसे न तो नकारा जा सकता है और न ही भुलाया जा सकता है।’’

भाषा

शफीक अविनाश

अविनाश