ढाका, चार मई (भाषा) बांग्लादेश में भारत के निवर्तमान उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने सोमवार को यहां विदेश मंत्री कहलिलुर रहमान से भेंट की जिसमें उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और भविष्य में दोनों देशों के बीच संबंधों को और बेहतर बनाने की उम्मीद जतायी।
भारतीय उच्चायोग की ओर से जारी बयान का हवाला देते हुये सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने अपनी खबरों में कहा है कि भारतीय उच्चायुक्त ने बांग्लादेश के विदेश मंत्री से ढाका में विदेश मंत्रालय में मुलाकात की ।
इसमें कहा गया है कि मुलाकात के दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और भविष्य में दोनों देशों के बेहतर संबंधों को लेकर उम्मीद जतायी।
सरकारी मीडिया के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत करने और आगे बढ़ाने पर भरोसा जताया ।
वर्मा ने भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया कि वह बांग्लादेश की जनता और सरकार के साथ मिलकर काम करेगा ताकि दोनों देशों के विकास की प्राथमिकताओं और आपसी हित तथा लाभ के आधार पर सभी क्षेत्रों में जन केंद्रित सहयोग को और मजबूत किया जा सके।
एजेंसी की खबरों में कहा गया है कि रहमान ने 21 सितंबर, 2022 को बांग्लादेश में उच्चायुक्त का पद संभालने वाले वर्मा का धन्यवाद किया और उनके कार्यकाल के दौरान दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए उनकी सराहना की तथा उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
वर्मा के बांग्लादेश में उच्चायुक्त के रूप में कार्यकाल के दौरान दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों में कुछ गिरावट देखी गई, जो राजनीतिक अस्थिरता, आर्थिक दबाव और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न से जुड़ी रही और इसने दोनों देशों के बीच एक कूटनीतिक टकराव को जन्म दिया।
भारत और बांग्लादेश के संबंधों में बड़ी गिरावट तब देखी गई जब शेख हसीना सरकार के 2024 में गिरने के बाद मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार सत्ता में आई।
फरवरी में हुए संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत के बाद तारीक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत और बांग्लादेश द्विपक्षीय संबंधों को पुनः स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।
वर्मा ने भी विदेश मंत्री का धन्यवाद किया ।
भाषा रंजन नरेश
नरेश