इराकी जलक्षेत्र में अमेरिकी तेल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर ईरान के हमले में भारतीय नागरिक की मौत

Ads

इराकी जलक्षेत्र में अमेरिकी तेल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर ईरान के हमले में भारतीय नागरिक की मौत

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 09:49 AM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 09:49 AM IST

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क, 12 मार्च (भाषा) इराक के पास अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर पर ‘‘आत्मघाती’’ नौका से किए गए ईरान के हमले में एक भारतीय नागरिक के मारे जाने की सूचना है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अमेरिकी स्वामित्व वाले और मार्शल आइलैंड ध्वज वाले तेल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर इराक के जलक्षेत्र के भीतर खोर अल जुबैर बंदरगाह के पास एक ईरानी ‘‘आत्मघाती’’ नौका ने हमला किया था।

सूत्रों के अनुसार, हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है जिसका नाम अभी उजागर नहीं किया गया है जबकि तेल टैंकर पर सवार चालक दल के अन्य सदस्यों और कर्मियों, कुल 27 लोगों को बचा लिया गया और उन्हें बसरा ले जाया गया है।

‘सेफसी’ के करीबी सूत्रों ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि कंपनी इस हमले में भारतीय नागरिक की मौत की खबर सुनकर बेहद दुखी है।

उसने भारत सरकार से इस हमले की कड़ी निंदा करने और पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के मद्देनजर क्षेत्र में जहाजों पर सवार चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

सूत्रों ने इस बात को लेकर चिंता व्यक्त की कि वैश्विक स्तर पर नाविकों में भारतीयों की संख्या 15 प्रतिशत से अधिक है इसलिए ईरान चाहे जिस भी जहाज को निशाना बनाए, भारतीय नागरिक ‘‘अप्रत्यक्ष रूप से’’ निशाना बनेंगे।

‘वेसल फाइंडर’ वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 228.6 मीटर लंबा और 32.57 मीटर चौड़ा ‘सेफसी विष्णु’ का निर्माण 2007 में हुआ था और वर्तमान में यह मार्शल द्वीप समूह के ध्वज के तहत संचालित होता है।

इसका सकल टन भार 42010 टन और ‘डेडवेट’ टन भार 73976 टन है।

‘डेडवेट’ टन भार (डीडब्ल्यूटी) किसी जहाज का वह अधिकतम भार है जिसे वह चालक दल सहित कार्गो, ईंधन, ताजे पानी, राशन और अन्य सामग्री को सुरक्षित रूप से वहन कर सकता है।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना