सिंगापुर, छह फरवरी (भाषा) सिंगापुर के एक ऑनलाइन मार्केट प्लेस पर मिली महिला से 2.68 लाख सिंगापुर डॉलर से अधिक की ठगी करने के मामले में भारतीय मूल के एक व्यक्ति को 23 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है।
‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ की खबर के अनुसार, थेवेंद्रन एलन गोवन को यह सजा बृहस्पतिवार को सुनाई गई। इससे पहले वह धोखाधड़ी के एक आरोप में दोषी करार दिया जा चुका था, जबकि इसी तरह के दो अन्य मामलों को सजा निर्धारण के दौरान ध्यान में रखा गया।
सरकारी उप अधिवक्ता सूर्या प्रकाश ने अदालत को बताया कि पीड़िता का सारा पैसा खत्म हो जाने के बाद भी आरोपी ने उससे धोखाधड़ी बंद नहीं की।
अदालत को बताया गया कि अपराध के समय पीड़िता की उम्र 25 वर्ष थी।
खबर के अनुसार, 24 जुलाई 2021 या उससे पहले थेवेंद्रन ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘कारूसेल’ पर एक प्लेस्टेशन-4 (पीएस-4) बेचने का विज्ञापन डाला, जिस पर महिला ने जवाब दिया।
आरोपी ने महिला से कहा कि यदि वह 150 सिंगापुर डॉलर की अग्रिम राशि जमा कर दे तो सात दिनों के भीतर गेम कंसोल की डिलीवरी कर दी जाएगी और शेष 150 सिंगापुर डॉलर डिलीवरी के बाद देने होंगे।
महिला ने 24 जुलाई 2021 को 150 सिंगापुर डॉलर आरोपी को भेज दिए। इसके बाद दोनों के बीच कारूसेल पर बातचीत जारी रही और फिर बातचीत ‘व्हाट्सएप’ पर होने लगी।
तीन दिन बाद आरोपी ने बिना कंसोल की डिलीवरी किए शेष 150 सिंगापुर डॉलर और पीएस-4 गेम्स के नाम पर अतिरिक्त 49 सिंगापुर डॉलर मांगे। महिला ने 199 सिंगापुर डॉलर भेज दिए, लेकिन उसे कोई सामान नहीं मिला।
इसके बाद आरोपी लगातार व्हाट्सएप पर संदेश भेजता रहा और फोन कॉल भी करने लगा। महिला को लगा कि उसके और आरोपी के बीच दोस्ती हो गई है।
अगस्त से दिसंबर 2021 के बीच आरोपी ने 48 बार में महिला से कुल 2.46 लाख सिंगापुर डॉलर से अधिक की ठगी की।
उसने महिला से बहाने बनाकर कई बार पैसे मांगे।
वास्तव में, आरोपी ने इस रकम का इस्तेमाल अपने निजी खर्चों और जुए का कर्ज चुकाने में किया।
अगस्त 2021 तक उसे यह भी पता चल गया था कि महिला को उसकी मां की मृत्यु के बाद बीमा और सेंट्रल प्रोविडेंट फंड (सीपीएफ) से कुछ राशि प्राप्त हुई है।
यहां तक कि जब महिला ने आरोपी को बता दिया कि वह उसे अपनी सारी जमा पूंजी दे चुकी है, तब भी आरोपी ने उससे और पैसे मंगवाने के लिए धोखाधड़ी जारी रखी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता के पिता ने अपने बैंक खाते से गायब धनराशि को लेकर पुलिस को सूचना दी।
अभियोजन पक्ष ने बताया कि आरोपी ने जुलाई 2024 में महिला को 24,000 सिंगापुर डॉलर और जून 2025 में 80,000 सिंगापुर डॉलर की आंशिक भरपाई की।
सजा सुनाते समय जिला न्यायाधीश जेनेट वांग ने कहा कि पीड़िता को गंभीर मानसिक आघात और भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश