(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 14 सितंबर (भाषा) अमेरिका में आनुवंशिक जांच के लिए फर्जी दावे पेश कर कर स्वास्थ्य बीमा योजना में कथित तौर पर 9.3 करोड़ डॉलर की धोखाधड़ी करने के आरोप में भारतीय मूल के एक व्यक्ति को भगोड़ा घोषित किया गया है।
अमेरिका के स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग ने कहा कि खदीर खान मोहम्मद ने कथित रूप से प्रयोगशाला में आनुवंशिक जांच के ऐसे दावे पेश किए या अन्य लोगों से पेश करवाए, जो प्रतिपूर्ति के पात्र नहीं थे।
विभाग के महानिरीक्षक कार्यालय (ओआईजी) के अनुसार, मोहम्मद ने इस कथित धोखाधड़ी की साजिश के तहत ‘अमेरिकन प्रीमियर’ के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा योजना में करीब 9.3 करोड़ डॉलर के फर्जी दावे प्रस्तुत किए, जिनके आधार पर कम से कम 6.5 करोड़ डॉलर का भुगतान किया गया।
विभाग के अनुसार, 2023 में केवल 10 दिन की अवधि के दौरान ही योजना के तहत कथित फर्जी दावों के एवज में करीब 1.3 करोड़ डॉलर का भुगतान किया गया।
स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग के मुताबिक, माना जा रहा है कि मोहम्मद इस समय भारत के हैदराबाद में है।
विभाग ने कहा कि मोहम्मद ने अगस्त 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच टेक्सास के उत्तरी जिले और अन्य स्थानों पर चिकित्सकों की जानकारी या सहमति के बिना उनकी व्यक्तिगत पहचान संबंधी सूचनाओं का कथित रूप से इस्तेमाल किया और ऐसे लाभार्थियों की आनुवंशिक जांच के लिए दावे पेश किए, जिनका उन चिकित्सकों से इलाज संबंधी कोई संपर्क नहीं था।
स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग ने कहा, “इन जांच के लिए चिकित्सकों ने कोई सलाह नहीं दी थी और न ही लाभार्थियों के उपचार में इनके परिणामों का कोई उपयोग किया गया।”
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी