कीव, 13 सितंबर (एपी) रूस के एक ड्रोन ने रविवार को यूक्रेन-पोलैंड सीमा के निकट एक रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया। यह घटना ऐसे समय में हुई, जब कुछ ही देर पहले ब्रिटेन और स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्रियों सहित कई वरिष्ठ विदेशी अधिकारी वहां से अन्य ट्रेन से गुजर चुके थे। यूक्रेन के सरकारी रेल संचालक ने यह जानकारी दी।
यूक्रेन के सरकारी रेल संचालक के अनुसार, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ट और यूरोपीय संघ के कई देशों के सुरक्षा सलाहकारों को ले जा रही एक राजनयिक ट्रेन ने जानबूझकर याहोदीन स्टेशन से निर्धारित समय से पहले प्रस्थान किया था। ये विदेशी अधिकारी कीव में आयोजित एक सुरक्षा सम्मेलन से लौट रहे थे।
रेल संचालक ने ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस बात की काफी संभावना है कि रूसी ड्रोन का वास्तविक निशाना राजनयिक ट्रेन ही थी, जो निर्धारित समय से पहले स्टेशन से रवाना हो गई थी।’’
स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री बिल्ट ने ‘एक्स’ पर याहोदीन-दोरुहुस्क सीमा चौकी के पास स्थित याहोदीन स्टेशन पर हुए हमले का वीडियो साझा किया।
यूक्रेन के सरकारी रेल संचालक के अनुसार, एक अन्य ट्रेन, जिसमें सीआईए के पूर्व निदेशक डेविड पेट्रियस सवार थे, ड्रोन के हमले के समय याहोदीन स्टेशन पर ही मौजूद थी।
किसी भी ट्रेन में तत्काल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
एपी शफीक देवेंद्र
देवेंद्र