ब्रिटेन के सबसे प्रतिभाशाली और सर्वश्रेष्ठ छात्रों में भारतीय छात्र शामिल: उच्चायुक्त दोरईस्वामी

ब्रिटेन के सबसे प्रतिभाशाली और सर्वश्रेष्ठ छात्रों में भारतीय छात्र शामिल: उच्चायुक्त दोरईस्वामी

ब्रिटेन के सबसे प्रतिभाशाली और सर्वश्रेष्ठ छात्रों में भारतीय छात्र शामिल: उच्चायुक्त दोरईस्वामी
Modified Date: October 30, 2025 / 06:50 pm IST
Published Date: October 30, 2025 6:50 pm IST

लंदन, 30 अक्टूबर (भाषा) ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ने कहा है कि भारतीय न केवल ब्रिटेन में विदेशी छात्रों का सबसे बड़ा समूह हैं, बल्कि वे सबसे प्रतिभाशाली भी हैं जो द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में मदद करते हैं।

ब्रिटेन में नए आगमन वाले लोगों के लिए आयोजित विशेष स्वागत समारोह में उन्होंने यह टिप्पणी की।

यह कार्यक्रम बुधवार शाम किंग्स कॉलेज लंदन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसके बाद भारतीय उच्चायोग द्वारा छात्र पंजीकरण अभियान चलाया गया और इसका ब्रिटेन के सभी भारतीय वाणिज्य दूतावासों में सीधा प्रसारण किया गया।

इस स्वागत समारोह में सैकड़ों भारतीय छात्र शामिल हुए जो ब्रिटेन में नए सत्र की शुरुआत में अपनी शैक्षणिक यात्रा शुरू कर रहे हैं। वर्ष 2023 से हर साल इस समारोह का आयोजन हो रहा है।

दोरईस्वामी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘लगातार तीसरे वर्ष भी ब्रिटेन में भारतीय छात्र समुदाय सबसे बड़ा है, जिसमें 1,66,000 छात्र हैं।’

उन्होंने कहा, ‘हमारे छात्र बेहद प्रतिभाशाली और सर्वश्रेष्ठ छात्रों में से हैं, और यहां आपकी उपस्थिति इस बात का प्रतिबिंब है कि आप क्या करने में सक्षम हैं और आप अपने अध्ययन और शोध में क्या मूल्य जोड़ते हैं…आप आर्थिक मूल्य भी जोड़ते हैं, और इस बात पर जोर देना महत्वपूर्ण है कि आपकी यहां उपस्थिति व्यवसायों को समर्थन देती है।’

वरिष्ठ राजनयिक ने ब्रिटेन के शैक्षिक संस्थानों में भारतीय छात्रों के योगदान तथा ब्रिटेन और भारत दोनों ही देशों के समाजों में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में