जकार्ता, 12 अगस्त (एपी) इंडोनेशिया के पर्यटन द्वीप बाली के पास बुधवार को खराब समुद्री परिस्थितियों के बीच आग की लपटों से घिरी एक यात्री नौका से 172 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि एक यात्री का शव बरामद किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
‘माताराम सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस’ के अनुसार, नौका ‘पुत्री यास्मीन’ बाली के पैडंग बाई बंदरगाह से पश्चिम नुसा तेंगारा प्रांत के लोम्बोक द्वीप स्थित लेम्बर बंदरगाह जा रही थी, तभी सुबह करीब चार बज कर 15 मिनट पर उसमें आग लग गई।
एजेंसी को करीब आधे घंटे बाद घटना की सूचना मिली, जिसके बाद उसने तुरंत बचावकर्मियों और बचाव नौकाओं को मौके पर भेजा।
कार्यालय के प्रमुख मोहम्मद हरियादी ने कहा, ‘‘सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, नौका में आग उस समय लगी जब वह लोम्बोक जलडमरूमध्य में थी। यात्री सूची के मुताबिक, नौका पर चालक दल के 17 सदस्यों समेत 131 लोग सवार थे। हालांकि, घटना के कुछ घंटे बाद अधिकारियों ने बताया कि नौका पर यात्री सूची में दर्ज संख्या से अधिक लोग सवार थे।
इंडोनेशिया में नौकाओं और यात्री जहाजों पर सवार लोगों की वास्तविक संख्या का यात्री सूची में दर्ज संख्या से अलग होना आम बात है। नौका पर 44 वाहन और 53 मोटरसाइकिल भी लदी थीं।
राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी ‘बासारनास’ ने बताया कि बचावकर्मियों ने इस नौका से दो ऑस्ट्रेलियाई पर्यटकों समेत 172 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। वहीं, 19 वर्षीय एक इंडोनेशियाई लड़की का शव बरामद किया गया है।
लेम्बर बंदरगाह प्राधिकरण के प्रमुख स्यामसुरिजल ने बताया कि कम से कम दो घायल यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘बचाव और राहत अभियान अभी जारी है तथा अधिकारी सभी यात्रियों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।’’
हरियादी ने बताया कि बचाव अभियान में इंडोनेशियाई नौसेना के जहाजों, गश्ती नौकाओं, बचाव पोतों और हवाई सर्वेक्षण के लिए एक हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि समुद्र में उठ रही चार मीटर तक ऊंची लहरों के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।
इंडोनेशिया में दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरा बड़ा नौका हादसा है। इससे पहले मुख्य द्वीप जावा के तट के पास ‘मुतियारा सेंटोसा-2’ नामक यात्री नौका में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई थी।
इंडोनेशिया 17,000 से अधिक द्वीपों वाला देश है और यहां नौकाएं यात्रा का आम साधन हैं। देश में अक्सर समुद्री हादसे होते रहते हैं, जिनके लिए सुरक्षा नियमों के उचित तरीके से लागू नहीं होने को जिम्मेदार ठहराया जाता है।
एपी प्रचेता नरेश
नरेश