नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) एकीकृत नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी एसीएमई सोलर होल्डिंग्स लि. ने बुधवार को घरेलू वित्त पोषण के जरिये 2,147 करोड़ रुपये मूल्य के विदेशी मुद्रा बॉन्ड का पूरा भुगतान करने की घोषणा की।
कंपनी ने बयान में कहा कि अगस्त, 2021 में 12 परिचालन वाली विशेष उद्देश्यीय कंपनियों (एसपीवी) द्वारा जारी किए गए गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) का पैसा चुका दिया गया है। इन विशेष उद्देश्यीय इकाइयों की कुल क्षमता 450 मेगावाट है। ये इकाइयां ‘रेस्ट्रिक्टेड ग्रुप’ संरचना के तहत है।
‘रेस्ट्रिक्टेड ग्रुप’ यानी प्रतिबंधित समूह संरचना एक ऐसी वित्तीय व्यवस्था होती है जिसमें किसी कंपनी की कुछ चुनिंदा परियोजनाओं, संपत्तियों या विशेष उद्देश्यीय कंपनियों को एक अलग समूह के रूप में रखा जाता है। इस समूह की आय, नकदी प्रवाह और कर्ज की स्थिति को अलग से देखा जाता है।
बयान के अनुसार, इसके साथ चालू वित्त वर्ष में अब तक कंपनी द्वारा जुटाए गए कुल वित्त पोषण की राशि बढ़कर 8,198 करोड़ रुपये हो गई है।
कंपनी के अनुसार, यह दीर्घकालिक वित्त सुविधा राष्ट्रीय अवसंरचना वित्तपोषण एवं विकास बैंक (नैबफिड) से प्राप्त की गई है।
एसीएमई सोलर ने कहा कि इस कदम से संबंधित एसपीवी की उधारी लागत में करीब 1.50 प्रतिशत अंक की कमी आई है। इससे परियोजनाओं के नकदी प्रवाह में मजबूती आएगी और दीर्घकालिक पूंजी संरचना बेहतर होगी।
भाषा रमण अजय
अजय