पेरिस, 12 सितंबर (एपी) फ्रांस के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि नॉर्मंडी में हुए ट्रेन हादसे की वजह कोई साजिश तो नहीं थी। इस हादसे में 44 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को एसोसिएटेड प्रेस को यह जानकारी दी।
यह जांच दुर्घटनास्थल पर पटरी का एक टुकड़ा मिलने के बाद शुरू की गई है।
यह क्षेत्रीय ट्रेन शुक्रवार शाम उत्तर-पश्चिमी फ्रांस के सीन-मैरिटाइम विभाग के क्लेऑन में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 186 यात्री रूएन से केन जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि घायलों में 18-वर्षीय एक महिला भी शामिल है, जिसे हेलीकॉप्टर से रूएन विश्वविद्यालय अस्पताल ले जाया गया।
फ्रांस की राष्ट्रीय पुलिस संचार सेवा (एसआईसीओपी) की एक प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर मिला पटरी का छोटा टुकड़ा ‘संभवत:’ ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने से संबंधित था। उन्होंने पहचान जाहिर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि पुलिस नीति के तहत उन्हें सार्वजनिक रूप से नाम बताने की अनुमति नहीं थी।
पुलिस ने बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे तोड़फोड़ की साजिश थी।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश