ईरान ने फ्रांस के दो पूर्व कैदियों को देश छोड़ने की अनुमति दी : मैक्रों

Ads

ईरान ने फ्रांस के दो पूर्व कैदियों को देश छोड़ने की अनुमति दी : मैक्रों

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 10:05 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 10:05 PM IST

पेरिस, सात अप्रैल (एपी) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने मंगलवार को कहा कि ईरान ने पूर्व में बंदी बनाए गए उसके दो नागरिकों सेसिल कोहलर और जैक्स पेरिस को देश छोड़ने की अनुमति दे दी है।

जेल से रिहाई के बाद से वे दोनों फ्रांस के राजनयिक परिसर में छिपे हुए थे। मैक्रों ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘सेसिल कोहलर और जैक्स पेरिस ईरान में साढ़े तीन साल की हिरासत के बाद रिहा हो गए हैं और फ्रांसीसी क्षेत्र की ओर आ रहे हैं।’

फ्रांस लंबे समय से दोनों की रिहाई की मांग कर रहा था।

दोनों को ईरान छोड़ने की अनुमति मिलने से यह संकेत मिलता है कि ईरान युद्ध के संदर्भ में किस प्रकार राष्ट्रों के बीच भेदभाव कर रहा है, कुछ के साथ अनुकूल व्यवहार कर रहा है और दूसरों को शत्रु मान रहा है। मैक्रों ने इस संघर्ष से फ्रांस को अलग करते हुए कहा है कि अमेरिका-इजराइल हमलों के बारे में उनके देश से पहले से परामर्श नहीं किया गया था और वह युद्ध नहीं चाहते थे।

मैक्रों ने कोहलर और जैक्स की रिहाई में मध्यस्थता की भूमिका निभाने के लिए ओमान को धन्यवाद दिया। मैक्रों ने लिखा, ‘‘यह हम सभी के लिए और जाहिर तौर पर उनके परिवारों के लिए राहत की बात है।’’

ईरानी अधिकारियों ने दोनों को नवंबर में जेल से रिहा कर दिया, लेकिन उन्हें देश छोड़ने की अनुमति नहीं दी। उन्हें जासूसी के आरोपों में तीन साल से अधिक समय तक हिरासत में रखा गया था, जिन्हें फ्रांस ने निराधार बताया था।

सेसिल कोहलर और जैक्स पेरिस को मई 2022 में ईरान यात्रा के दौरान गिरफ्तार किया गया था। फ्रांस ने उनकी गिरफ्तारी को ‘‘अन्यायपूर्ण और निराधार’’ बताते हुए इसकी निंदा की थी।

एपी आशीष दिलीप

दिलीप