donald trump news/ image source: ibc24 file image
Iran America War Update:वाशिंगटन/इस्लामाबाद, 22 अप्रैल (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है ताकि तेहरान के नेतृत्व को युद्ध समाप्त करने के लिए एक एकीकृत प्रस्ताव तैयार करने के वास्ते अधिक समय मिल सके। इस बीच, बुधवार को ईरानी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन जहाजों पर गोलीबारी की और उनमें से दो को जब्त कर लिया।
ट्रंप की इस नाटकीय घोषणा का पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व ने स्वागत किया, और यह घोषणा दो सप्ताह के युद्धविराम की समाप्ति से कुछ ही घंटे पहले आई। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘तसनीम’ ने बताया कि तेहरान ने युद्धविराम बढ़ाने पर अपनी सहमति की पुष्टि करते हुए कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। दूसरे दौर की वार्ता को लेकर अनिश्चितता के चलते पाकिस्तान ने युद्धविराम की अवधि बढ़ाने का आग्रह किया था। अगले दौर की वार्ता की तारीख को लेकर अभी तक कोई स्पष्टता नहीं थी। बुधवार को, न्यूयॉर्क पोस्ट ने राष्ट्रपति ट्रंप के हवाले से कहा कि अमेरिका-ईरान वार्ता का दूसरा दौर शुक्रवार को ही हो सकता है।अखबार ने ट्रंप के हवाले से कहा कि अगले 36 से 72 घंटों के भीतर ऐसा घटनाक्रम ‘‘संभव’’ है।
हालांकि, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने कहा कि तेहरान ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह इस्लामाबाद में पाकिस्तानी मध्यस्थता वाली वार्ता के नए दौर में भाग लेगा या नहीं। बाक़ाई ने बुधवार को बीबीसी से कहा, ‘‘हमने यह स्पष्ट कर दिया है कि अगर हमें यह लगता है कि इस्लामाबाद जाना हमारे राष्ट्रीय हित में है, तो हम वहां जाएंगे। लेकिन फिलहाल, इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है।’’ तसनीम समाचार एजेंसी के अनुसार, ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड्स’ ने दो जहाजों-‘एमएससी-फ्रांसेस्का’ और ‘एपामिनोड्स’ को रोककर उनके माल, दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों के निरीक्षण के लिए ईरानी क्षेत्रीय जल में स्थानांतरित कर दिया। ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड्स’ के एक बयान का हवाला देते हुए इसने कहा कि जब जहाजों को रोका गया, तब वे होर्मुज जलडमरूमध्य से ‘‘निकलने का प्रयास कर रहे थे’’।
बीबीसी के अनुसार, ‘यूफोरिया’ नामक एक अन्य जहाज को ‘‘गोलीबारी’’ के बाद रोक दिया गया। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ जब ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाने की घोषणा की। ट्रंप ने मंगलवार को कहा, ‘‘ईरान की सरकार में गंभीर मतभेद हैं। पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अनुरोध पर, हमें ईरान पर तब तक हमला रोकने के लिए कहा गया है जब तक कि उनके नेता और प्रतिनिधि एक एकीकृत प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं कर देते।’’ हालांकि, ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका ईरान पर हमला करने से तभी परहेज करेगा जब ईरान का नेतृत्व बातचीत के लिए एक एकीकृत प्रस्ताव पेश करेगा। उन्होंने कहा कि ईरान के बंदरगाहों पर आर्थिक नाकाबंदी जारी रहेगी। इस बीच, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका की आलोचना करते हुए कहा कि ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी ‘‘युद्ध का कृत्य है और इस प्रकार युद्धविराम का उल्लंघन है’’। ईरान युद्ध की शुरुआत 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के हमलों के साथ हुई थी।
शहबाज शरीफ ने ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने के लिए ट्रंप का आभार जताया
अलीगढ़ में निर्माणाधीन घर में मिला कारोबारी का शव, दो लोग हिरासत में लिये गये
दो साल के अंदर दूसरा मातृत्व अवकाश देने से मना नहीं किया जा सकता : अदालत
अन्नाद्रमुक और भाजपा ने नाबालिग से यौन उत्पीड़न के मामले में द्रमुक सरकार पर निशाना साधा
मुख्यमंत्री ने पचपदरा रिफाइनरी में लगी आग की घटना के जांच के आदेश दिये
अगर अमेरिका के साथ युद्ध फिर से शुरू हुआ तो क्षेत्रीय तेल उद्योग को नष्ट कर देगा ईरान: कमांडर