बगदाद, 21 अप्रैल (एपी) इराक और सीरिया के बीच एक अहम सीमा पार मार्ग एक दशक से अधिक समय तक बंद रहने के बाद सोमवार को पुन: खोल दिया गया, जिससे अधिकारी क्षेत्रीय व्यापार और तेल निर्यात को नयी गति मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।
सीरिया ने इस मार्ग को तेल निर्यात के लिए सुरक्षित जमीनी विकल्प के रूप में पेश किया है, खासकर ऐसे समय में जब ईरान युद्ध के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य पर अनिश्चितता बनी हुई है।
इराक में ‘राबिया’ और सीरिया में ‘यारुबियाह’ के नाम से जाना जाने वाला यह सीमा पार मार्ग 2011 में सीरियाई गृहयुद्ध शुरू होने के बाद बंद कर दिया गया था। बाद में 2014 में इस क्षेत्र पर इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों ने कब्जा कर लिया, जिसे इराकी कुर्द बलों ने फिर से अपने नियंत्रण में ले लिया।
सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसएएनए’ के अनुसार, दोनों देशों के अधिकारियों ने इस सीमा पार मार्ग को लेकर आपसी समन्वय बढ़ाने और साझा हितों के अनुरूप आवाजाही तथा व्यापार को सुगम बनाने के उपायों पर चर्चा की।
इराक के नीनवेह प्रांत परिषद सदस्य नादिया अल-जुबौरी ने उद्घाटन समारोह में कहा कि इस मार्ग के पुन: खुलने से ‘‘व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और इसी रास्ते तेल के परिवहन को भी नयी गति मिलेगी।’’
इराक की अर्थव्यवस्था काफी हद तक तेल पर निर्भर है, जहां उसकी लगभग 90 प्रतिशत बजटीय आय इसी से आती है। उसका अधिकांश तेल निर्यात होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए होता है।
एपी खारी मनीषा
मनीषा