बैंकॉक, दो जुलाई (एपी) थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक पिकअप ट्रक चला रहे 11 वर्षीय लड़के ने तीर्थयात्रा पर जा रहे भिक्षुओं के समूह को कुचल दिया। इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुकदहन प्रांत के कुल 35 भिक्षु तीर्थयात्रा पर निकले थे।
मुकदहन के गवर्नर वोरयान बूननारत के अनुसार, पांच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार भिक्षुओं ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि 13 अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन भिक्षुओं की हालत गंभीर है।
यह समूह दुर्घटना से लगभग 30 मिनट पहले उबोन रत्चाथानी प्रांत तक की 260 किलोमीटर लंबी पदयात्रा पर निकला था।
स्थानीय बचाव समूह ‘रुआम जाई मुकदहन रेस्क्यू एसोसिएशन’ द्वारा साझा किए गए फुटेज में भिक्षु सड़क के किनारे एक कतार में चलते दिखाई दे रहे हैं, तभी पिकअप ट्रक उन्हें कुचल देता है।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि लड़का फिलहाल हिरासत में है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस के अनुसार, भिक्षुओं ने बताया कि उन्होंने वाहन को सड़क पर अनियंत्रित होकर लहराते हुए देखा था, जिसके बाद वह सड़क से नीचे उतर गया और समूह से जा टकराया।
एपी जितेंद्र पवनेश अविनाश
अविनाश