इजराइल गाजा में विदेशी पत्रकारों को स्वतंत्र पहुंच की अनुमति दे: मीडिया संगठन

Ads

इजराइल गाजा में विदेशी पत्रकारों को स्वतंत्र पहुंच की अनुमति दे: मीडिया संगठन

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 05:22 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 05:22 PM IST

वाशिंगटन, 30 अप्रैल (एपी) एसोसिएटेड प्रेस सहित दुनिया भर की प्रमुख मीडिया कंपनियों के संपादकों ने इजराइल की सरकार से गाजा में विदेशी पत्रकारों को स्वतंत्र आवाजाही की अनुमति देने और वहां पर रिपोर्टिंग करने पर लगे प्रतिबंध को हटाने का आह्वान किया है।

इजराइल द्वारा गाजा में विदेशी पत्रकारों पर प्रतिबंध 2023 में युद्ध की शुरुआत से ही लागू है और छह महीने से अधिक समय से युद्धविराम लागू होने के बावजूद भी जारी है।

विभिन्न मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया, ‘‘मौके पर मौजूद रहना आवश्यक है। इससे पत्रकारों को सभी पक्षों के आधिकारिक बयानों पर सवाल उठाने, नागरिकों से सीधे बात करने और अपनी आंखों देखी जानकारी को रिपोर्ट करने का मौका मिलता है। इसीलिए समाचार एजेंसियां अपने पत्रकारों को अक्सर बहुत बड़े व्यक्तिगत जोखिम उठाकर क्षेत्र में भेजती हैं।’’

बीबीसी, सीएनएन और एमएस नाउ, रॉयटर्स, जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए, द वाशिंगटन पोस्ट सहित करीब दो दर्जन से अधिक संगठनों के शीर्ष संपादकों ने कहा कि इजराइली सरकार ने अब तक स्थिति पर चर्चा करने के उनके प्रयासों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने अब तक प्रतिबंध लागू रहने के औचित्य पर भी सवाल उठाए।

हालांकि, इजराइल ने पूर्व में प्रतिबंधों को जायज ठहराते हुए दावा किया था कि गाजा में प्रवेश की अनुमति दिए जाने से विदेशी पत्रकार इजराइली सैनिकों के ठिकानों का खुलासा कर सकते थे और उन्हें खतरे में डाल सकते थे।

एपी धीरज नरेश

नरेश