नेपाल के वन मंत्रालय ने जैव विविधता संरक्षण के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के साथ समझौता किया

Ads

नेपाल के वन मंत्रालय ने जैव विविधता संरक्षण के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के साथ समझौता किया

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 04:32 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 04:32 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 30 अप्रैल (भाषा) नेपाल के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय और विश्व वन्यजीव कोष (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) ने देश में जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास पर सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

डब्ल्यूडब्ल्यूएफ नेपाल द्वारा बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सहयोग के दायरे (एसओसी) से संबंधित यह समझौता देश की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और वैश्विक प्रतिबद्धताओं के अनुरूप संयुक्त प्रयासों को समन्वित करता है। इसमें जैव विविधता, वन, जलवायु परिवर्तन, आर्द्रभूमि, कृषि और सतत विकास से जुड़ी प्रमुख नीतियां और रणनीतियां, साथ ही सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) और राष्ट्रीय योजना ढांचे शामिल हैं।

इसमें कहा गया, ‘‘ये नीतिगत ढांचे सामूहिक रूप से नेपाल के सतत विकास की नींव के रूप में जैविक संसाधनों के संरक्षण पर बल देते हैं। एसओसी प्रभावी जमीनी कार्यान्वयन के मार्गदर्शन में भू-भाग स्तर की रणनीतियों और प्रजाति संरक्षण कार्य योजनाओं के महत्व को भी मान्यता देता है।’’

डब्ल्यूडब्ल्यूएफ ने कहा कि नेपाल के साथ उसका सहयोग हिमालयी राष्ट्र की समृद्ध जैव विविधता की रक्षा करने के साथ-साथ प्रकृति पर निर्भर समुदायों के जीवन और आजीविका में सुधार करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

डब्ल्यूडब्ल्यूएफ नेपाल के प्रतिनिधि घाना श्याम गुरुंग ने कहा, ‘‘इस सहयोग समझौते के माध्यम से, हमारा लक्ष्य संरक्षण परिदृश्यों में प्रभावशाली, विज्ञान-आधारित और समुदाय-संचालित समाधानों को बड़े पैमाने पर लागू करना है, जो नेपाल की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और वैश्विक पर्यावरणीय प्रतिबद्धताओं में योगदान देगा।’’

समझौते के अनुसार, वन मंत्रालय और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ नेपाल मिलकर संरक्षण परिदृश्यों और संरक्षित क्षेत्रों में कार्यक्रमों और परियोजनाओं की संयुक्त रूप से रूपरेखा तैयार करेंगे और उन्हें लागू करेंगे।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश