बेरूत में इजराइल के हवाई हमलों में 112 लोगों की मौत, जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किया

बेरूत में इजराइल के हवाई हमलों में 112 लोगों की मौत, जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किया

बेरूत में इजराइल के हवाई हमलों में 112 लोगों की मौत, जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किया
Modified Date: April 8, 2026 / 11:20 pm IST
Published Date: April 8, 2026 11:20 pm IST

बेरूत, आठ अप्रैल (एपी) ईरान के साथ युद्ध-विराम की घोषणा के कुछ घंटों बाद इजराइल ने बुधवार दोपहर बिना किसी चेतावनी के मध्य बेरूत के घनी आबादी वाले कई आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों पर हवाई हमले किए।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इन हमलों में कम से कम 112 लोगों की मौत हो गई और 800 से अधिक घायल हुए।

इस बीच, ईरान के सरकारी मीडिया की खबर में कहा गया कि तेहरान ने लेबनान पर इजराइली हमलों के जवाब में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद कर दिया है।

ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के एयरोस्पेस कमांडर जनरल सैयद माजिद मूसावी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “लेबनान के प्रति आक्रामकता ईरान के प्रति आक्रामकता है।” उन्होंने बिना विवरण दिए चेतावनी दी कि ईरानी सेनाएं “कड़ी प्रतिक्रिया” की तैयारी कर रही हैं।

इससे पहले, इजराइल ने लेबनान पर हमले के बाद कहा कि ईरान के साथ हुआ युद्ध-विराम समझौता लेबनान में तेहरान के समर्थन वाले उग्रवादी समूह हिजबुल्ला के साथ उसकी लड़ाई पर लागू नहीं होता।

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक समाचार चैनल से कहा कि लेबनानी उग्रवादी समूह हिजबुल्ला की वजह से लेबनान को युद्ध-विराम समझौते में शामिल नहीं किया गया गया है। उन्होंने लेबनान पर इजराइल के ताजा हमलों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि “वह एक अलग लड़ाई है।”

हालांकि, समझौते में मध्यस्थता करने वाले पाकिस्तान ने पहले कहा था कि ईरान युद्ध में दो हफ्ते के युद्ध-विराम के तहत इजराइल अपने हमले रोक देगा।

इजराइली सेना ने मध्य बेरूत, दक्षिणी लेबनान और पूर्वी बेका घाटी में 10 मिनट के अंतराल में हिजबुल्ला के 100 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया। उसने इस कार्रवाई को मौजूदा युद्ध में सबसे बड़ा समन्वित हमला करार दिया।

बेरूत के कई हिस्सों में आसमान में धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। हमले में कम से कम एक आवासीय इमारत और कई वाहनों में आग लग गई। आग में फंसे लोगों को बचाने के लिए आपातकालीन दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंचे।

समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के संवाददाताओं को बेरूत के कॉर्निशे अल माजरा में सड़क पर और वाहनों के अंदर कई लोगों के जले हुए शव पड़े देखे।

इजराइली सेना ने कहा कि उसने मिसाइल प्रक्षेपण स्थलों, कमान केंद्रों और खुफिया बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। उसने हिजबुल्ला पर नागरिकों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

सेना ने एक बयान में कहा, “लेबनान और उसके नागरिकों को हिजबुल्ला को आवासीय क्षेत्रों में अपने ठिकाने और हथियार निर्माण क्षमताएं विकसित करने से रोकना होगा।”

हमलों से पहले हिजबुल्ला के एक पदाधिकारी ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ से नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा था कि समूह मध्यस्थों को लेबनान में युद्ध-विराम समझौता कराने का एक मौका दे रहा है, लेकिन “हमने युद्ध-विराम पर अमल की घोषणा नहीं की है, क्योंकि इजराइली इसका पालन नहीं कर रहे हैं।”

हिजबुल्ला पदाधिकारी ने कहा था कि समूह दो मार्च से पहले जैसी स्थिति जारी रखने की अनुमति नहीं देगा, जिस दौरान नवंबर 2024 में इजराइल-हिजबुल्ला युद्ध की समाप्ति के बाद से नाममात्र के लिए युद्ध-विराम लागू हुआ और इजराइल लेबनान में लगभग हर दिन हमले करता था।

पदाधिकारी ने कहा, “हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे कि इजराइली इस युद्ध से पहले की तरह हमले करते रहें। हम नहीं चाहते कि यह दौर जारी रहे।”

अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमला करने के कुछ दिनों बाद हिजबुल्ला ने सीमा पार मिसाइलें दागीं, जिससे क्षेत्रीय युद्ध छिड़ गया। इजराइल ने जवाबी कार्रवाई में लेबनान पर बड़े पैमाने पर बमबारी और जमीनी आक्रमण किया।

एपी पारुल राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में