जयशंकर ने यूएई के उप प्रधानमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की
जयशंकर ने यूएई के उप प्रधानमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की
अबू धाबी, 12 अप्रैल (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से अबू धाबी में मुलाकात की और क्षेत्रीय स्थिति में हो रहे बदलावों और इसके प्रभावों पर चर्चा की।
जयशंकर नौ से 12 अप्रैल तक मॉरीशस और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अपनी चार दिवसीय यात्रा के अंतिम चरण में अबू धाबी में हैं।
उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘आज शाम अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से मिलकर बहुत खुशी हुई। हमारी बातचीत क्षेत्रीय स्थिति में हो रहे बदलावों और उनके प्रभावों पर केंद्रित रही।’’
जयशंकर ने कहा कि उन्होंने खाड़ी देश में भारतीय समुदाय का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लेकर भारत की ओर से गहरी सराहना व्यक्त की।
मंत्री ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि भारत-संयुक्त अरब अमीरात व्यापक रणनीतिक साझेदारी और आगे बढ़ती रहेगी।
जयशंकर मॉरीशस की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे, जहां उन्होंने नौवें हिंद महासागर सम्मेलन में हिस्सा लिया था।
भाषा
सुरभि सिम्मी
सिम्मी

Facebook


