लेबनान ने दशकों के बाद इजराइल से सीधी वार्ता की पेशकश की
लेबनान ने दशकों के बाद इजराइल से सीधी वार्ता की पेशकश की
बेरूत, 17 मार्च (एपी) लेबनान सरकार ने दशकों की अपनी नीति को छोड़ते हुए इजराइल के साथ पहली बार सीधी वार्ता की पेशकश की है। लेबनानी अधिकारियों का कहना है कि वे पहले लड़ाई खत्म करना चाहते हैं और शायद अब इसके लिए बहुत देर हो चुकी हो।
यह पेशकश ऐसे समय की गई है, जब इजराइल लेबनान की राजधानी बेरूत सहित देश के अन्य हिस्सों में हिजबुल्ला के ठिकानों पर बमबारी कर रहा है।
ईरान समर्थित हिजबुल्ला ने इजराइल पर रॉकेट दागकर लड़ाई में शामिल होने का फैसला किया और इसके जवाब में तेल अवीव द्वारा दक्षिणी लेबनान और बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर की गई बमबारी में अबतक 850 लेबनानी मारे गए और दस लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने 1982 में लेबनान के गृहयुद्ध के दौरान हुए इजराइली आक्रमण के बाद पहली बार पिछले सप्ताह पड़ोसी देश से सीधी बातचीत की पेशकश की।
औन ने लेबनानी सैनिकों के लिए वित्तीय संसाधन बढ़ाने की भी मांग की और हिजबुल्ला को नि:शस्त्र करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इजराइल और अमेरिका लंबे समय से हिजबुल्ला को नि:शस्त्र करने की मांग कर रहे हैं।
मामले की जानकारी रखने वाले तीन लेबनानी राजनयिक और सरकारी अधिकारियों ने हालांकि कहा कि लेबनान पड़ोसी देश इजराइल के साथ किसी भी बातचीत से पहले लड़ाई खत्म करना चाहता है।
इजराइली अधिकारियों ने वार्ता के प्रस्ताव पर एसोसिएटेड प्रेस द्वारा की गई टिप्पणी के अनुरोधों का जवाब नहीं दिया। हालांकि, ईरानी मिसाइल हमले से प्रभावित एक इजराइली शहर के दौरे के दौरान इजराइली विदेश मंत्री गिदोन सार ने किसी भी प्रकार की वार्ता की योजना से इनकार किया।
एपी धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


