सैंटो डोमिंगो (डोमिनिकन गणराज्य), 20 जून (एपी) डोमिनिकन गणराज्य में एक लक्जरी रिसॉर्ट में भीषण आग लग गई जिसके बाद करीब 1,700 पर्यटकों को वहां से सुरक्षित निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, आग की इस घटना में इटली के एक पर्यटक की मौत हो गई जबकि कई अन्य पर्यटकों को चिकित्सकीय सहायता दी गई।
‘वीवा डोमिनिकस बीच बाय विन्धम रिज़ॉर्ट’ डोमिनिकन गणराज्य के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित बायाहिबे में है, जो अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच एक लोकप्रिय जगह है।
अधिकारियों ने बताया कि भीषण आग लगने के कारण रिसॉर्ट से लगभग 1,690 पर्यटकों को दूसरे होटलों और आस-पास की जगहों पर ले जाया गया।
आग लगने के कारण की जांच की जा रही है। देश के आपात अभियान केंद्र ने कहा कि ऐसा लगता है कि रिसॉर्ट की छत का कुछ हिस्सा फूस (सूखी घास) का बना होने के कारण ‘आग तेजी से फैली।’’
उसने बताया कि पास ही स्थित दूसरे रिज़ॉर्ट ‘डोमिनिकस पैलेस’ को आग से कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वह सामान्य रूप से काम कर रहा है।
एपी शोभना सिम्मी
सिम्मी