(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 21 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर ने शुक्रवार को बलूचिस्तान में सक्रिय उग्रवादियों को ‘‘विदेश प्रायोजित छद्म सैनिक’’ करार देते हुए कहा कि वे प्रांत को अस्थिर करने का काम कर रहे हैं।
सेना की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, मुनीर ने बलूचिस्तान के प्रमुख लोगों और नेताओं के साथ बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की।
बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी हिंसा का सामना कर रहा है। खनिज संपदा से समृद्ध इस प्रांत में प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) समेत कई संगठन सक्रिय हैं, जो इसकी आजादी की मांग कर रहे हैं।
मुनीर ने कहा कि बलूचिस्तान और पाकिस्तान का वर्तमान तथा भविष्य ‘‘एक है और हमेशा एक रहेगा।’’
उन्होंने किसी देश का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि प्रांत में ‘‘सक्रिय उग्रवादियों को विदेशी मदद मिल रही है, जिसका इस्तेमाल शत्रुतापूर्ण तत्व बलूचिस्तान को अस्थिर करने, उसके विकास में बाधा डालने और राज्य तथा लोगों के बीच दूरी पैदा करने के लिए कर रहे हैं।’’
सेना प्रमुख ने कहा कि बलूचिस्तान का भविष्य केवल वहां के लोगों के हाथों में है।
बलूचिस्तान की आजादी की मांग करने वाले विद्रोही समूह लंबे समय से आरोप लगाते रहे हैं कि केंद्र सरकार ने प्रांत को राजनीतिक रूप से हाशिये पर रखा है और उसके प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया है।
हाल के वर्षों में बीएलए ने सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों, चीनी नागरिकों और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) से जुड़ी परियोजनाओं को निशाना बनाकर हमले तेज किए हैं।
भाषा शफीक मनीषा
मनीषा