(फोटो के साथ)
एवियॉन (फ्रांस), 17 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान समुद्री नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया और कहा कि ईरान तथा अमेरिका के बीच प्रस्तावित शांति समझौते में उनकी सुरक्षा के प्रावधान होने चाहिए।
मोदी और ट्रंप ने जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर व्यापक वार्ता की, जिसमें प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौता, द्विपक्षीय रक्षा व सुरक्षा संबंधों तथा पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा हुई।
यह बैठक ऐसे समय में हुई जब कुछ दिन पहले एक व्यापारिक जहाज पर अमेरिकी सेना के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में शांति और प्रगति की उम्मीद को फिर से जगाने में ट्रंप के नेतृत्व की भी सराहना की।
मोदी ने अपने मीडिया वक्तव्य में कहा, ‘हम हमेशा कहते रहे हैं कि समुद्री मार्गों पर आवाजाही की स्वतंत्रता होनी चाहिए। समुद्री व्यापार क्षेत्र में लाखों भारतीय नाविक काम करते हैं। मेरा मानना है कि उनकी सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मुझे विश्वास है कि (ईरान के साथ) समझौते में नाविकों की सुरक्षा के प्रावधान होंगे।’
ट्रंप ने इस बैठक को ‘बहुत सार्थक’ बताया और मोदी की प्रशंसा की।
पश्चिम एशिया में भारत की भूमिका से जुड़े एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, ‘मेरा मानना है कि जब तक वह (प्रधानमंत्री मोदी) नेता हैं, भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है। भारत बड़ी भूमिका निभाने वाला है।’
भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, ‘जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, तब तक मेरे रूप में अमेरिका में भारत का एक मित्र है।’
भाषा जोहेब माधव
माधव