पाकिस्तान में 2025 में बाल शोषण के 3,600 से अधिक मामले सामने आए
पाकिस्तान में 2025 में बाल शोषण के 3,600 से अधिक मामले सामने आए
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 16 मार्च (भाषा) पाकिस्तान में 2025 में बाल शोषण के कम से कम 3,630 मामले सामने आए, जो पिछले वर्ष की तुलना में आठ प्रतिशत की वृद्धि दर्शाते हैं। यह जानकारी एक गैर-लाभकारी संगठन द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार है।
बच्चों और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की निगरानी करने वाले इस्लामाबाद से संचालित संगठन ‘साहिल’ ने एक बयान में कहा कि इन मामलों की रिपोर्ट चारों प्रांतों के साथ-साथ इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी (आईसीटी), पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और गिलगित-बाल्तिस्तान (जीबी) क्षेत्र के 81 अलग-अलग समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई थी।
संगठन के अनुसार, ‘वर्ष 2025 में 81 अलग-अलग समाचार पत्रों में कुल 3,630 बाल शोषण के मामले प्रकाशित हुए हैं।’
इसमें कहा गया है कि लिंग विभाजन विश्लेषण से पता चलता है कि बाल शोषण के कुल दर्ज मामलों में से 1,924 (53 प्रतिशत) पीड़ित लड़कियां थीं, 1,625 (47 प्रतिशत) लड़के थे और 116 मामले नवजात शिशुओं के थे।
आंकड़ों से पता चलता है कि वर्ष 2025 में एक दिन में नौ से अधिक बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
इसमें कहा गया है कि बाल शोषण के मामलों में वर्ष 2024 की तुलना में आठ प्रतिशत (266 बच्चे) की वृद्धि हुई है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


