(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 13 सितंबर (भाषा) नेपाल के सेना प्रमुख अशोक राज सिगडेल चीन सरकार के निमंत्रण पर सप्ताहभर की आधिकारिक यात्रा के लिए रविवार को बीजिंग रवाना हुए।
इस दौरान वह 13वें बीजिंग शियांगशान फोरम में भाग लेंगे।
नेपाल के सैन्य मुख्यालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि सिगडेल 13 से 19 सितंबर तक चीन में रहेंगे।
सेना ने कहा कि इस यात्रा से नेपाल और चीन के बीच सैन्य संबंध मजबूत होने और सैन्य कूटनीति के माध्यम से नेपाल की विदेश नीति को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सिगडेल की अनुपस्थिति में नेपाल सेना के चीफ ऑफ स्टाफ प्रदीप जंग के सी कार्यवाहक सेना प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे।
13वां बीजिंग शियांगशान फोरम 15 से 17 सितंबर तक ‘बीजिंग अंतरराष्ट्रीय सभागार’ में आयोजित किया जाएगा। इस साल फोरम का विषय है- ‘‘स्थिरता पर सहमति बनाएं, सुरक्षा संबंधी शासन को मिलकर आगे बढ़ाएं।’’
भाषा संतोष सिम्मी
सिम्मी