ईरान की हिरासत से नेपाली नागरिक रिहा

Ads

ईरान की हिरासत से नेपाली नागरिक रिहा

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 02:27 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 02:27 PM IST

काठमांडू, 16 अप्रैल (भाषा) ईरान में जारी संघर्ष के दौरान हिरासत में लिए गए नेपाली नागरिक को स्थानीय अदालत के आदेश के बाद रिहा कर दिया गया है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि तेहरान में नेपाल के मानद वाणिज्य दूतावास ने सूचित किया है कि 33 वर्षीय अमृत झा को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिहा किया गया और उनकी नेपाल वापसी के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

उदयपुर जिले की त्रियुगा नगरपालिका के निवासी झा पेशे से जहाज के कप्तान हैं और उन्हें दुबई और ईरान के बीच ईंधन परिवहन के दौरान ईरानी सेना ने हिरासत में लिया था।

‘द काठमांडू पोस्ट’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, झा उन चालक दल के सदस्यों में शामिल थे जिन्हें होर्मुज जलडमरूमध्य के पास केशम द्वीप से हिरासत में लिया गया था। हालांकि उनकी गिरफ्तारी की तारीख और कारणों का स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं है।

इस बीच, विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि संयुक्त अरब अमीरात ने विभिन्न जेलों में सजा काट रहे 128 नेपाली नागरिकों को रिहा कर दिया है।

मंत्रालय ने बताया कि यूएई सरकार ने पवित्र रमजान महीने के अवसर पर इन कैदियों को माफी दी है और नेपाल ने इस मानवीय कदम के लिए आभार व्यक्त किया है।

भाषा मनीषा माधव

माधव