नेतन्याहू ने वैश्विक आलोचना के बीच इजराइल के लिए भारत के ‘जबरदस्त प्रेम’ का उल्लेख किया

नेतन्याहू ने वैश्विक आलोचना के बीच इजराइल के लिए भारत के ‘जबरदस्त प्रेम’ का उल्लेख किया

नेतन्याहू ने वैश्विक आलोचना के बीच इजराइल के लिए भारत के ‘जबरदस्त प्रेम’ का उल्लेख किया
Modified Date: May 29, 2026 / 03:08 pm IST
Published Date: May 29, 2026 3:08 pm IST

(हरिंदर मिश्रा)

यरूशलम, 29 मई (भाषा) इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को एक ‘‘बहुत बड़ी शक्ति’’ बताते हुए कहा है कि दुनिया के अन्य हिस्सों में ‘‘यहूदी राष्ट्र की वैधता पर सवाल उठाए जाने की कोशिशों’’ के बावजूद भारत में ‘‘इजराइल के लिए जबरदस्त प्रेम’’ है।

नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को जॉर्डन घाटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारत का उल्लेख इजराइल की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के एक अहम उदाहरण के रूप में किया। वह इजराइल के अंतरराष्ट्रीय संबंधों और कूटनीतिक साझेदारियां बढ़ाने के प्रयासों पर चर्चा कर रहे थे।

नेतन्याहू ने ये टिप्पणियां ऐसे समय में कीं जब पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक स्थिति नाजुक बनी हुई है। पश्चिम एशिया में इजराइल कई मोर्चों पर सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहा है और अपने पारंपरिक सहयोगियों से परे अन्य साझेदारों के साथ संबंध मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।

सरकारी प्रेस कार्यालय द्वारा जारी एक वीडियो में नेतन्याहू ने कहा, ‘‘हम अपने गठबंधनों का विस्तार कर रहे हैं और आप जिस बारे में बात कर रहे हैं, वह इन गठबंधनों को एक बड़े दायरे तक ले जाने की बात है। यह बड़ा दायरा वास्तव में भारत नाम की एक बहुत बड़ी शक्ति के साथ हमारे विशिष्ट संबंधों से जुड़ा है।’’

उन्होंने इजराइल की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘मैं यह कहूंगा कि दुनिया के कई हिस्सों में हमारी वैधता पर सवाल उठाए जाते हैं लेकिन भारत में नहीं। भारत में इजराइल के लिए जबरदस्त प्रेम है, वाकई जबरदस्त। मुझे लगता है कि मेरे सबसे अधिक ‘फॉलोअर’ भारत से हैं।’’

नेतन्याहू पहले भी कई बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों और भारत-इजराइल संबंधों की मजबूती को रेखांकित कर चुके हैं। पहले की टिप्पणियों में उन्होंने भारत को ‘‘बेहद शक्तिशाली’’ बताया था और कई क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग का उल्लेख किया था।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में