पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आत्मघाती हमले में नौ लोगों की मौत, 33 अन्य घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आत्मघाती हमले में नौ लोगों की मौत, 33 अन्य घायल
पेशावर, 12 मई (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके में मंगलवार को भीड-भाड़ वाले एक बाजार में आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से लदा ऑटोरिक्शा में धमाका कर दिया जिसमें दो सुरक्षाकर्मी समेत कम से कम नौ लोगों की जान चली गई और 33 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मरवत जिले की सेराई नौरंग तहसील में हुई।
जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने नौरंग बाजार के फाटक चौक पर विस्फोटक से भरे तिपहिया वाहन में धमाका किया।
लक्की मरवत के उपायुक्त हमीदुल्ला खान ने पुष्टि की कि धमाके में नौ लोगों की मौत हुई और 33 घायल हुए।
उन्होंने बताया कि शुरुआती सूचनाओं के अनुसार आतंकवादियों ने ऑटोरिक्शा में विस्फोटक सामग्री छुपाई थी।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में यातायात पुलिस के दो जवान और एक महिला भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए सेराई नौरंग के तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
‘रेस्क्यू 1122’ के प्रवक्ता शहदाब खान ने बताया कि राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर एम्बुलेंस और टीम रवाना की गईं। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में धमाके के कारण कई दुकानें और तिपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हालत में देखे जा सकते हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सुहैल अफरीदी ने पुलिस महानिरीक्षक को घटना की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस कठिन घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं और प्रांतीय सरकार उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।’’
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने विस्फोट में हुई जनहानि पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया।
एक बयान में उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को देश की शांति और विकास में बाधा डालने की इजाजत नहीं दी जाएगी और आतंकवाद के इस खतरे को जड़ से मिटाने के लिए सभी संबंधित विभाग व सरकार अटूट संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
भाषा खारी माधव
माधव

Facebook


