दीर अल बलाह, चार जून (एपी) गाजा पट्टी में बुधवार को अलग-अलग जगहों पर रात भर किए गए हवाई हमलों में कम से कम नौ फलस्तीनियों की मौत हो गई। स्थानीय अस्पताल के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
शिफा अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि गाजा सिटी में चार अलग-अलग हवाई हमलों में मारे गए कम से कम नौ लोगों के शव अस्पताल लाए गए।
इजराइली सेना ने फिलहाल इन हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। पिछले हफ्ते इजराइल ने चरमपंथी समूह हमास के एक प्रमुख सैन्य पदाधिकारी को मार गिराया था। इससे दो हफ्ते पहले हमास का एक और शीर्ष सैन्य कमांडर इजराइली हमले में मारा गया था।
इजराइल और हमास के बीच 2023 में शुरू हुए युद्ध को रोकने के लिए दोनों पक्षों में पिछले साल अक्टूबर में संघर्ष-विराम समझौता हुआ था। हालांकि, दोनों पक्ष समय-समय पर एक-दूसरे को निशाना बनाते रहे हैं।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, संघर्ष-विराम लागू होने के बाद से इजराइल की ओर से किए गए हमलों में 936 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं। वहीं, गाजा में इस अवधि में चार इजराइली सैनिकों की मौत होने की खबरें हैं।
एपी पारुल पवनेश
पवनेश