सियोल, 19 अप्रैल (एपी) उत्तर कोरिया ने रविवार को समुद्र की ओर कम दूरी की कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। दक्षिण कोरिया एवं जापान ने यह जानकारी दी।
ये मिसाइल ऐसे समय में दागी गई हैं जब कुछ दिन पहले ही संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था ने परमाणु हथियार बनाने के उत्तर कोरिया के प्रयासों में ‘‘बेहद गंभीर’’ प्रगति की चेतावनी दी थी।
दक्षिण कोरिया के ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ (जेसीएस) ने बताया कि उत्तर कोरिया के सिनपो क्षेत्र से दागी गईं ये मिसाइलें देश के पूर्वी समुद्री क्षेत्र की दिशा में करीब 140 किलोमीटर (87 मील) तक गईं।
जेसीएस ने कहा कि दक्षिण कोरिया, उत्तर कोरिया की उकसाने वाली हर प्रकार की कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार है और वह अमेरिका एवं जापान के साथ सूचनाओं का निकटता से आदान-प्रदान कर रहा है।
दक्षिण कोरिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्तर कोरिया द्वारा बार-बार किए जा रहे बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षणों पर राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) की आपात बैठक में चिंता जताई और उससे इन्हें तुरंत रोकने का आग्रह किया। ये प्रक्षेपण दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के भारत और वियतनाम की यात्रा के लिए रवाना होने से कुछ घंटे पहले किए गए।
अमेरिका और जापान की सेनाओं ने भी इन प्रक्षेपणों की पुष्टि की।
अमेरिका के हिंद प्रशांत कमान ने कहा कि वह अपनी एवं क्षेत्र में अपने सहयोगियों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
जापान ने कहा कि उसने इन प्रक्षेपणों को लेकर उत्तर कोरिया के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये प्रक्षेपण क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए खतरा हैं तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उन प्रस्तावों का उल्लंघन करते हैं जिनके तहत उत्तर कोरिया की किसी भी बैलिस्टिक गतिविधि पर रोक है।
उत्तर कोरिया ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसके नेता किम जोंग उन ने देश के विध्वंसक युद्धपोत से मिसाइल परीक्षणों की निगरानी की। इस परीक्षण के बाद किम ने कहा था कि उनकी सरकार का ध्यान अपने परमाणु बलों के ‘‘असीमित विस्तार’’ पर केंद्रित है।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने भी पिछले सप्ताह कहा था कि उनकी एजेंसी ने उत्तर कोरिया के परमाणु केंद्रों में गतिविधियों में ‘‘तेज बढ़ोतरी’’ की पुष्टि की है। ग्रॉसी ने सियोल में संवाददाताओं से कहा था कि उत्तर कोरिया की गतिविधियां उसके परमाणु हथियार उत्पादन की क्षमता में ‘‘बहुत गंभीर वृद्धि’’ की ओर संकेत करती हैं।
एपी
सिम्मी संतोष
संतोष