डबलिन, 12 सितंबर (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि एकीकृत आयरलैंड ‘शानदार’ होगा। वह सप्ताहांत दौरे के तहत अपने आयरिश गोल्फ कोर्स में आयोजित एक प्रमुख गोल्फ टूर्नामेंट में पहुंचकर एक जटिल और राजनीतिक रूप से संवेदनशील मुद्दे पर टिप्पणी कर रहे थे।
डबलिन में आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि वह आयरलैंड गणराज्य और ब्रिटेन के उत्तरी आयरलैंड को फिर से एकीकृत रूप में देखना पसंद करेंगे।
ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं कोई समस्या पैदा नहीं करना चाहता, लेकिन मैं इसे एकीकृत होते देखना पसंद करूंगा। यह अंततः होने वाला है। यह अभी हो सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह एक शानदार बात होगी।’’
उत्तरी आयरलैंड को लेकर अलग-अलग नजरिये (मसलन वह आयरिश या ब्रिटिश हिस्सा होगा) ने वहां दशकों तक हिंसा को बढ़ावा दिया, जिसमें करीब 3,600 लोगों की मौत हुई। पिछले अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने इस मुद्दे पर सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया है, यहां तक कि बाइडन जैसे उन राष्ट्रपतियों ने भी जिनके आयरलैंड से भावनात्मक संबंध रहे हैं।
जब एक सदी पहले ब्रिटेन के प्रभुत्व वाले आयरलैंड ने स्वशासन हासिल किया और वह रोमन कैथोलिक बहुसंख्यक देश बना, तब उत्तर में छह काउंटियों वाला एक क्षेत्र, जहां प्रोटेस्टेंट आबादी बहुसंख्यक थी, ब्रिटेन का हिस्सा बना रहा।
उत्तरी आयरलैंड दो प्रमुख समुदायों में बंटा हुआ था: राष्ट्रवादी (जिनमें से ज्यादातर कैथोलिक थे) और प्रोटेस्टेंट संघवादी। राष्ट्रवादी शेष आयरलैंड के साथ एकीकरण चाहते थे, लेकिन प्रोटेस्टेंट संघवादी ब्रिटेन के साथ बने रहना चाहते थे।
यह तनाव आगे चलकर तीन दशक तक चली हिंसा में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के अर्धसैनिक बल और ब्रिटिश सैनिक शामिल थे।
वर्ष 1998 में हुए शांति समझौते, जिसे कराने में अमेरिका की अहम भूमिका थी, ने बड़े पैमाने पर हिंसा को खत्म कर दिया, लेकिन उत्तरी आयरलैंड की अंतिम स्थिति का मुद्दा अब भी अनसुलझा रहा।
एपी संतोष शफीक
शफीक