ओस्लो, 20 मार्च (एपी) नॉर्वे की ‘क्राउन प्रिसेंज ( राजपरिवार की एक प्रमुख सदस्य)’ ने कहा है कि दिवंगत यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन ने उन्हें बहकाया और धोखा दिया था तथा 2013 में फ्लोरिडा के पाम बीच पर अमेरिकी फाइनेंसर के बंगले पर उसके साथ हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने असुरक्षित महसूस किया था।
मेटे-मैरिट की शादी राजकुमार हाकॉन से हुई है, जो सिंहासन के उत्तराधिकारी हैं।
उन्होंने और हाकॉन ने बृहस्पतिवार को नॉर्वेजियन प्रसारक एनआरके को 20 मिनट का साक्षात्कार दिया। उसी दिन उनके बेटे मारियस बोर्ग होइबी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा की सुनवाई पूरी हुई।
अभियोजकों ने होइबी के खिलाफ सात साल और सात महीने की जेल की सजा की मांग की है। हालांकि होइबी ने बलात्कार के आरोपों से इनकार किया है। इस मामले में फैसला जून के आरंभ में आने की उम्मीद है।
होइबी मेटे-मैरिट का पिछले रिश्ते से जन्मा बेटा है।
वैसे तो बृहस्पतिवार को मेटे मैरिट द्वारा ‘एनआरके’ को दिए गए साक्षात्कार में कोई सनसनीखेज खुलासा नहीं है, लेकिन यह पहली बार था जब शाही दंपति ने पत्रकारों के साथ बैठकर क्राउन प्रिंसेज के एप्स्टीन से संबंधों को लेकर उठे विवाद पर बात की। इस रिश्ते ने मेटे मैरिट के निर्णय लेने की क्षमता पर सवाल उठाए हैं, हालांकि उन पर किसी भी प्रकार के गलत काम का आरोप नहीं है।
मेटे-मैरिट के स्वास्थ्य के कारण साक्षात्कार का समय सीमित था। उन्हें ‘पल्मोनरी फाइब्रोसिस’ है, जिसके कारण उन्हें सांस लेने में गंभीर समस्या होती है।
मेटे-मैरिट ने शाही परिवार को जिस स्थिति में डाला था, उसके लिए उन्होंने पहले ही माफी मांग ली थी। फाइनेंसर से उनकी पहली मुलाकात 2011 में हुई थी और उनका संपर्क 2014 तक जारी रहा। एप्स्टीन की फाइलों में ‘क्राउन प्रिंसेज’ का सैकड़ों बार जिक्र है जिन्होंने 2019 में कहा था कि उन्हें एप्स्टीन से संपर्क रखने का पछतावा है।
मेटे-मैरिट ने ‘एनआरके’ को बताया कि उन्हें नहीं पता था कि वह यौन अपराधी और दुर्व्यवहार करने वाला व्यक्ति है। उन्होंने कहा कि उन्होंने उसे केवल वयस्कों के साथ बातचीत करते देखा था और कभी भी कोई अवैध गतिविधि नहीं देखी।
उन्होंने ‘एनआरके’ को यह भी बताया कि उन्हें एप्स्टीन के पीड़ितों के लिए अपराधबोध है और उन्होंने उनके साथ अपने रिश्ते और उसके खिलाफ लगे आरोपों को समझने में कई साल बिताए हैं। उन्होंने कहा कि एप्स्टीन की पृष्ठभूमि की पूरी तरह से जांच न करने की जिम्मेदारी वह स्वीकार करती हैं।
एप्स्टीन फाइलों में दोनों के बीच ईमेल आदान-प्रदान शामिल हैं, और एक ऐसे रिश्ते को दर्शाते हैं जिसे कुछ लोग घनिष्ठ मित्रता के रूप में देखते थे। एक संदेश में, मेटे-मैरिट ने एप्स्टीन को लिखा, ‘तुम मेरे मन को गुदगुदाते हो।’
अक्टूबर 2012 में, एप्स्टीन ने लिखा कि वह पेरिस में ‘अपनी पत्नी की तलाश में’ है। मेटे-मैरिट ने जवाब दिया कि पेरिस ‘व्यभिचार के लिए अच्छा’ है, लेकिन ‘स्कैंडिनेवियाई’ ‘बेहतर पत्नी बनने योग्य हैं।
संदेशों के एक अन्य सेट में, ईमेल से पता चला कि मेटे-मैरिट ने 2013 में कई दिनों के लिए फ्लोरिडा के पाम बीच पर एप्स्टीन के स्वामित्व वाली एक संपत्ति किराए पर ली थी। मेटे-मैरिट ने कहा कि यह ठहरने की व्यवस्था एक आपसी मित्र के माध्यम से की गई थी, और इसी यात्रा के परिणामस्वरूप वह घटना हुई जिसने उन्हें इतना असुरक्षित महसूस कराया कि उन्होंने हाकॉन को घर पर फोन किया।
‘एनआरके’ के साक्षात्कार के दौरान उन्होंने इस बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि उन्होंने एप्स्टीन के साथ अपना संपर्क इसलिए जारी रखा क्योंकि वह भोली थीं और उन्हें बहकाया गया था।
एपी राजकुमार नरेश
नरेश