ईद के मौके पर टीटीपी ने भी किया हमले रोकने का ऐलान
ईद के मौके पर टीटीपी ने भी किया हमले रोकने का ऐलान
इस्लामाबाद, 19 मार्च (एपी) पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच अस्थायी संघर्ष विराम के कुछ ही घंटे बाद प्रतिबंधित पाकिस्तानी आतंकी समूह ने ईद के मद्देनजर तीन दिन तक हमले न करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के प्रवक्ता मोहम्मद खुरासानी ने कहा कि लोगों को ईद मनाने देने के लिए संघर्ष विराम किया गया है।
अफगान तालिबान से अलग पहचान रखने वाला लेकिन फिलहाल उसके साथ हमले करने में शामिल टीटीपी ने 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान के अंदर हमले बढ़ा दिए हैं।
अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने टीटीपी को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है। पाकिस्तान अफगानिस्तान की तालिबान सरकार पर टीटीपी के हजारों नेताओं और सदस्यों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जो सीमा पार हमले करते हैं। हालांकि अफगानिस्तान इन आरोपों को खारिज करता रहा है।
समूह ने कहा कि ईद के पहले दिन संघर्ष विराम लागू होगा। पाकिस्तान में शुक्रवार को ईद मनाई जा सकती है। हालांकि यह चांद दिखने पर निर्भर करेगा।
इससे पहले पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने बुधवार को घोषणा की थी कि सोमवार रात तक अस्थायी रूप से हमले रोकने पर सहमत हुए हैं। दोनों पक्षों ने कहा कि सऊदी अरब, तुर्किये और कतर के अनुरोध पर संघर्ष विराम किया गया है।
फरवरी में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच फिर से हमले शुरू होने के बाद से ये तीन देश मध्यस्थता के प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले अक्टूबर में हुए संघर्ष विराम में भी इन देशों ने मदद की थी।
एपी जोहेब माधव
माधव

Facebook


