इंडियाना में हुई गोलीबारी में एक की मौत, कई घायल

Ads

इंडियाना में हुई गोलीबारी में एक की मौत, कई घायल

  •  
  • Publish Date - July 30, 2023 / 09:07 PM IST,
    Updated On - July 30, 2023 / 09:07 PM IST

मंसी(अमेरिका), 30 जुलाई (एपी) इंडियाना में रविवार तड़के एक बड़ी पार्टी में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अस्पताल ने बयान में बताया कि अस्पताल में 19 घायलों का इलाज चल रहा है।

द स्टार प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, मंसी पुलिस देर रात एक बजे शहर के पूर्वी हिस्से में गोलीबारी की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची थी।

पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि समुदाय को कोई खतरा नहीं है।कई लोग घायल हुए हैं जिसमें से कुछ गंभीर स्थिति में हैं।

मंसी की डिप्टी पुलिस चीफ मेलिसा क्रिसवेल ने द स्टार प्रेस को भेजे बयान में कहा, ”बड़ी संख्या में घायलों और घटना की प्रकृति को देखते हुए कई एजेंसियों से सहायता के लिए संपर्क किया गया है।”

पुलिस ने घायलों की संख्या के बारे में कोई सूचना नहीं दी है लेकिन मंसी में इंडियाना यूनिवर्सिटी हेल्थ बॉल मेमोरियल अस्पताल ने टीवी चैनल डब्ल्यूटीएचआर-13 को बताया कि गोलीबारी से संबंधित 19 घायलों का इलाज उसके आपातकालीन विभाग में चल रहा है।

क्रिसवेल ने बताया कि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें हेलीकॉप्टर से अन्य स्थानों पर इलाज के लिए भेजा गया है।

एपी अभिषेक नरेश

नरेश

नरेश