स्कॉटलैंड में ‘मुस्लिम विरोधी घृणा’ से जुड़े हमलों की स्टार्मर ने निंदा की

Ads

स्कॉटलैंड में ‘मुस्लिम विरोधी घृणा’ से जुड़े हमलों की स्टार्मर ने निंदा की

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 04:09 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 04:09 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 21 जून (भाषा) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग की सड़कों पर “मुसलमानों के प्रति नफरत” से प्रेरित हिंसा की निंदा की है। शहर में हुए सिलसिलेवार हमलों में पांच लोग घायल हो गए थे।

स्कॉटलैंड पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को एडिनबर्ग में हिंसा व हमलों-जिनमें “धमकी, लूटपाट और तोड़-फोड़” शामिल हैं-के बारे में आम लोगों से कई सूचना मिलने के बाद, 36 वर्षीय एक श्वेत स्कॉटिश व्यक्ति पर आरोप लगाए गए हैं।

इस घटना की जांच काउंटर टेररिज्म पुलिसिंग स्कॉटलैंड, अन्य विशेषज्ञ अधिकारियों की मदद से कर रही है।

स्टार्मर ने शनिवार शाम एक बयान में कहा, “यह बेहद चौंकाने वाली बात है। हमारी सड़कों पर किसी को भी हिंसा का सामना नहीं करना चाहिए। ऐसा लगता है कि संदिग्ध व्यक्ति मुसलमानों के प्रति नफरत से प्रेरित था।”

उन्होंने कहा, “मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगा – उसे कानून का सामना करना होगा। मेरी संवेदनाएं घायलों के साथ हैं और मैं पुलिस तथा आपातकालीन सेवाओं को उनकी त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद देता हूं।”

यह बयान सोशल मीडिया पर आए उस वीडियो के बाद आया जिसमें बिना शर्ट वाला एक आदमी बड़ा चाकू लिए एक दुकान के सामने वाले हिस्से को निशाना बनाता दिखता है।

ब्रिटेन की गृह मंत्री शबाना महमूद ने कहा कि वह “एडिनबर्ग में हुए हमले की खबर सुनकर स्तब्ध” हैं।

उन्होंने कहा, “मैं संदिग्ध को पकड़ने में दिखाई गई बहादुरी और पीड़ितों की मदद के लिए तेजी से कार्रवाई करने के लिए पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की आभारी हूं।”

महमूद ने कहा, “ऐसा लगता है कि संदिग्ध व्यक्ति मुसलमानों के प्रति नफरत से प्रेरित है। मुसलमानों के खिलाफ नफरत और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। मैं जानती हूं कि एक देश के तौर पर हमारी पहचान ऐसी नहीं है।”

भाषा प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल