(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 27 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान और चीन ने सोमवार को जल, कृषि प्रौद्योगिकी और चाय उद्योग में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए तीन सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एक मई तक चीन की एक सप्ताह की यात्रा पर आए पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी इन एमओयू पर हस्ताक्षर से संबंधित समारोह के दौरान मौजूद रहे।
बयान के अनुसार, ये एमओयू प्रमुख क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक केंद्रित प्रयास को दर्शाते हैं।
हस्ताक्षर समारोह चीन के हुनान प्रांत के चांग्शा शहर में आयोजित किया गया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, ये एमओयू पाकिस्तान और चीनी संस्थाओं के बीच हुए हैं, जो प्रमुख क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने के प्रयास को दर्शाते हैं।
पहला एमओयू सिंध की स्थानीय सरकार और ल्यूशन एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजी ग्रुप के बीच कराची में समुद्री जल को इस्तेमाल योग्य बनाने के लिए किया गया, जिसका उद्देश्य शहर में पानी की आपूर्ति बढ़ाना है।
सिंध के वरिष्ठ मंत्री शरजील इनाम मेमन और ल्यूशन ग्रुप के अध्यक्ष युहुई ने इस पर हस्ताक्षर किए।
मेमन ने सिंध की स्थानीय सरकार और लॉन्ग पिंग हाई-टेक इंफॉर्मेशन कंपनी के चेयरमैन चेन झिशिन ने कृषि प्रौद्योगिकी सहयोग के लिए एक और एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
तीसरा एमओयू मेस्के एंड फेम्टी ट्रेडिंग कंपनी, हुनान टी ग्रुप और जियाओलोंग इंटरनेशनल टेक्नोलॉजी (हैनान) के बीच किया गया, जिसका उद्देश्य चाय उद्योग में सहयोग बढ़ाना है।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश