नासा की स्विफ्ट दूरबीन के करीब पहुंचा बचाव यान, लेकिन नहीं कर सका मदद

Ads

नासा की स्विफ्ट दूरबीन के करीब पहुंचा बचाव यान, लेकिन नहीं कर सका मदद

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 10:33 PM IST

केप केनवरल (अमेरिका), चार सितंबर (एपी) अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी की स्विफ्ट वेधशाला को बचाने की कोशिश छोड़ने के एक हफ्ते से ज्यादा समय बाद, एक निजी अंतरिक्ष यान मुश्किल में फंसी दूरबीन के पास पहुंचने और उसकी तस्वीरें लेने में कामयाब रहा।

इस साहसिक अभियान को अंजाम देने वाली कैटलिस्ट स्पेस टेक्नोलॉजीज के अनुसार, हालांकि कम ईंधन होने के कारण तीन भुजाओं वाले इस रोबोटिक बचाव यान को वापस लौटना पड़ा।

कैटलिस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) घोन्ही ली ने इस सप्ताह ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, ‘‘हम बहुत करीब पहुंच गए थे, लेकिन फिर भी बहुत दूर रह गए।’’

कैटलिस्ट के लिंक अंतरिक्ष यान ने पिछले सप्ताहांत स्विफ्ट के 15 किलोमीटर दायरे तक पहुंचने में सफलता हासिल की। उसने अपने सेंसर का इस्तेमाल कर नासा की खराब हो चुकी दूरबीन से संबंधित आंकड़े जुटाए।

बचाव अभियान को अगस्त में ही रद्द कर दिया गया था, क्योंकि कक्षा में लिंक यान को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, कंपनी भविष्य में उपग्रहों की सेवा से जुड़े अभियानों के लिए अभ्यास के तौर पर इस प्रयास को जारी रखना चाहती है।

वर्ष 2004 में प्रक्षेपित स्विफ्ट दूरबीन के पास अब भी कक्षा में कुछ समय बचा है। हाल के वर्षों में आए तेज सौर तूफानों के कारण यह दूरबीन अनुमान से काफी पहले नीचे आ रही है।

नासा का अनुमान है कि स्विफ्ट दूरबीन अक्टूबर से लेकर इस साल के अंत के बीच किसी समय वायुमंडल में प्रवेश कर नष्ट हो जाएगी। अंतरिक्ष एजेंसी ने बहुमूल्य ऊर्जा बचाने के लिए इस साल की शुरुआत में दूरबीन से अवलोकन रोक दिए थे, लेकिन पिछले सप्ताह उसने फिर से इससे निगरानी कार्य शुरू कर दिया।

स्विफ्ट की तरह हबल अंतरिक्ष दूरबीन की कक्षा भी सौर गतिविधियों के कारण छोटी हो गई है। कैटलिस्ट एक नयी पीढ़ी के अंतरिक्ष यान को विकसित कर रही है, जो 36 साल पुरानी हबल दूरबीन को अधिक लंबे समय तक टिकने वाली कक्षा में पहुंचाने में मदद कर सकता है।

एपी आशीष दिलीप

दिलीप