(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 20 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक सुरक्षा अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया और 23 लोगों को अगवा करने की उनकी कोशिश नाकाम कर दी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना 18 सितंबर की रात को हुई जब आतंकवादियों ने कलात के पास चमन-कराची एन-25 राजमार्ग पर लोगों की शांतिपूर्ण आवाजाही में बाधा डालने की कोशिश की।
सेना ने एक बयान में कहा कि आतंकवादियों ने फिरौती के लिए अपहरण, जबरन वसूली और गाड़ियां छीनने के मकसद से एक चेक पोस्ट बनाया था।
पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा, ‘‘सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई की और जबरदस्त गोलीबारी के बाद सशस्त्र बलों की प्रभावी जवाबी कार्रवाई में पांच आतंकवादी… मारे गए।’’
सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के ठिकाने से अगवा किए गए 23 लोगों को भी मुक्त कराया। वहां से छह ट्रक, तीन बस और दो कार सहित भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भी बरामद किए गए।
आईएसपीआर ने कहा कि इलाके में बचे हुए किसी भी आतंकवादी को खत्म करने और स्थानीय आबादी तथा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी है।
आतंकवाद-विरोधी अभियान पूरे संकल्प के साथ जारी रहेगा और सुरक्षा बल देश से विदेश से प्रायोजित और विदेश से समर्थित आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बलूचिस्तान सुरक्षा चुनौतियों और आतंकवाद का सामना कर रहा है जिसके कारण सुरक्षा बलों ने आतंकवाद-विरोधी अभियानों को तेज कर दिया है।
‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज’ के मासिक आकलन के अनुसार प्रांत में आतंकवादी हमलों की संख्या जुलाई में 83 से बढ़कर अगस्त में 89 हो गई जो सात प्रतिशत की वृद्धि है।
आईएसपीआर और सरकारी मीडिया ने हाल के हफ्तों में प्रांत में कई कार्रवाइयों की जानकारी दी है।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन