पाकिस्तान सरकार ने इमरान खान और उनकी पत्नी के अधिकारों का हनन किया: पीटीआई पार्टी

पाकिस्तान सरकार ने इमरान खान और उनकी पत्नी के अधिकारों का हनन किया: पीटीआई पार्टी

पाकिस्तान सरकार ने इमरान खान और उनकी पत्नी के अधिकारों का हनन किया: पीटीआई पार्टी
Modified Date: June 6, 2026 / 05:18 pm IST
Published Date: June 6, 2026 5:18 pm IST

पेशावर, छह जून (भाषा) पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी की खैबर पख्तूनख्वा प्रांत इकाई ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान सरकार जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान व उनकी पत्नी के कानूनी और संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रही है तथा उन्हें उचित स्वास्थ्य सेवा से वंचित कर रही है।

पार्टी के संस्थापक इमरान खान अगस्त 2023 से कई मामलों में जेल में हैं जबकि उनकी पत्नी बुशरा बीबी को पहले नजरबंद रखा गया और बाद में मई 2024 में जेल भेज दिया गया।

पीटीआई नेता और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मंत्री शफी जान ने शुक्रवार को यहां एक प्रेस वार्ता में बताया कि इमरान खान और उनकी पत्नी को उनके किसी भी रिश्तेदार या पार्टी सदस्य से संपर्क करने की अनुमति नहीं दी गई है।

जान ने बताया कि खान पिछले चार महीनों से आंखों की बीमारी से पीड़ित हैं और उनकी दृष्टि अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हुई है।

उन्होंने पार्टी, पार्टी से जुड़े स्वास्थ्य पेशेवरों के आधिकारिक प्रतिनिधि संगठन ‘इंसाफ डॉक्टर्स फोरम’ द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि बृहस्पतिवार देर रात दंपति को जेल नियमों का उल्लंघन करते हुए चिकित्सा उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जान ने दावा किया कि चिकित्सा जांच और उपचार प्रक्रिया लगभग तीन घंटे तक चली।

उन्होंने कहा,“हालांकि, पार्टी या परिवार के सदस्यों के साथ कोई प्रामाणिक चिकित्सा रिपोर्ट या उनकी स्थिति के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की गई।”

पार्टी नेता ने दंपति को उनके निजी चिकित्सकों से मिलने की अनुमति देने और उन्हें तत्काल शिफा अंतरराष्ट्रीय अस्पताल में व्यापक चिकित्सा जांच व उपचार के लिए स्थानांतरित करने की मांग की।

मंत्री ने पार्टी के संस्थापक से मुलाकातों के संबंध में अदालत के निर्देशों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि जारी प्रतिबंधों से न्यायिक आदेशों का उल्लंघन हो रहा है और यह अदालत की अवमानना ​​के बराबर है।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में