अभिनेता अनुपम खेर के नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ का अमेरिका में मंचन
अभिनेता अनुपम खेर के नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ का अमेरिका में मंचन
(सीमा हाकू काचरू)
ह्यूस्टन, सात सितंबर (भाषा) अभिनेता अनुपम खेर के नए हिंदी नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ का अमेरिका में मंचन किया गया। टेक्सास प्रांत के ह्यूस्टन शहर में पांच सितंबर को स्टैफोर्ड सेंटर में इस नाटक का मंचन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाकर इसकी प्रशंसा की।
इसके साथ ही टेक्सास के कई शहरों में होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिसके तहत यह नाटक रविवार को ऑस्टिन पहुंचा और सोमवार को डलास में इसका मंचन होगा।
गजेंद्र अहिरे द्वारा लिखित और निर्देशित यह संगीतमय हास्य-नाटक आधुनिक रिश्तों में अकेलेपन, साथ और भावनात्मक दूरी जैसे विषयों पर आधारित है।
इस नाटक के जरिए सह-अभिनेत्री स्वरूप संपत करीब दो दशक बाद रंगमंच पर वापसी कर रही हैं। नाटक में उनके साथ मेघना मलिक, माया शर्मा, विकास रावत, श्रद्धा मंडले और हरमन डिसूजा समेत कई कलाकार शामिल हैं।
ह्यूस्टन में नाटक के सफल आगाज को ‘‘बेहतरीन’’ बताते हुए अनुपम खेर ने कहा कि मंच पर लाइव प्रस्तुति किसी कहानी के प्रभाव को तुरंत परखने का मौका देती है।
खेर ने शो के बाद कहा, ‘‘मंच पर दोबारा मौका नहीं मिलता और छिपने की कोई जगह नहीं होती। आपको तुरंत पता चल जाता है कि कहानी दर्शकों तक पहुंची है या नहीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात से हुई कि दर्शक सही जगहों पर हंसे, सही जगहों पर शांत हो गए और भावनात्मक दृश्यों के दौरान हमारे साथ जुड़े रहे।’’
स्वरूप संपत ने कहा कि खेर के साथ रंगमंच पर वापसी करना ‘‘घर लौटने जैसा’’ अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि नाटक की कहानी हर पीढ़ी के लोगों से जुड़ती है।
संपत ने कहा, ‘‘यह कहानी पूरी तरह इंसानी भावनाओं पर आधारित है। यह लोगों, उनके अकेलेपन और उन बातों के बारे में है, जो वे अक्सर एक-दूसरे से नहीं कह पाते। यहां प्रस्तुति देना और दर्शकों की खुली प्रतिक्रिया देखना बेहद संतोषजनक रहा। सभागार में कई बार पूरी तरह शांति छा गई और उसके बाद जोरदार तालियां गूंजीं।’’
नाटक के पहले शो में ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत डी.सी. मंजूनाथ और स्थानीय समुदाय के कई प्रमुख लोग भी मौजूद रहे।
इस प्रस्तुति में दिग्गज संगीतकार अनु मलिक ने पहली बार रंगमंच के लिए संगीत दिया है। इसके गीत कौसर मुनीर ने लिखे हैं, जबकि शान, सुखविंदर सिंह और आनंदी जोशी ने अपनी आवाज दी है।
नाटक का अगला मंचन डलास (सात सितंबर), वैंकूवर (11 सितंबर), लॉस एंजिलिस (13 सितंबर), सैन फ्रांसिस्को (18 सितंबर), अटलांटा (25 सितंबर) और टोरंटो (26 सितंबर) में होगा। इसके बाद यह अमेरिका के पूर्वी तट और मध्य-पश्चिमी क्षेत्रों में अक्टूबर तक जारी रहेगा।
अनुपम खेर की आगामी फिल्मों में ‘खोसला का घोसला 2’, नितेश तिवारी की ‘रामायण’ और तेलुगु फिल्म ‘फौजी’ शामिल हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश दिलीप
दिलीप

Facebook


