(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 18 मई (भाषा) पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी की तेहरान की यात्रा को पाकिस्तानी और ईरानी मीडिया ने पश्चिम एशिया में लगातार तनाव के बीच ठप पड़ी ईरान-अमेरिका शांति प्रक्रिया को पुनर्जीवित करने के लिए इस्लामाबाद के निरंतर प्रयासों से जोड़ा है। इस यात्रा के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
डॉन अखबार ने अनाम राजनयिक सूत्रों के हवाले से रविवार को बताया कि नकवी की दो दिवसीय यात्रा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिकी प्रस्तावों पर तेहरान की नवीनतम प्रतिक्रिया को खारिज करने के बाद हुई है।
इसमें यह भी कहा गया कि पाकिस्तान वार्ता को पूरी तरह से विफल होने से बचाने के उद्देश्य से कूटनीति जारी रखे हुए है, क्योंकि इस्लामाबाद में वार्ता के पहले दौर से मिली गति में तेजी से गिरावट आई है।
ईरान की अर्ध-सरकारी तसनीम समाचार एजेंसी ने भी नकवी की यात्रा को पाकिस्तान द्वारा ‘संवाद को सुगम बनाने और क्षेत्रीय शांति को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों’ का हिस्सा बताया।
यह यात्रा ऐसे समय में हुई जब पाकिस्तानी मध्यस्थता के माध्यम से पहले हुई युद्धविराम संधि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास रुक-रुक कर होने वाले तनाव और तेल वाले पोतों की आवाजाही में लंबे समय तक व्यवधान के बीच कायम रही।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा