बोइस (अमेरिका), 18 मई (एपी) अमेरिका के इडाहो के माउंटेन होम वायु सेना अड्डे पर रविवार को एक एयर शो के दौरान नौसेना के दो विमान टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हालांकि चालक दल के सभी चार सदस्य सुरक्षित है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी प्रशांत बेड़े की नौसेना वायु सेना की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने बताया कि यह टक्कर वाशिंगटन के व्हिडबे द्वीप में ‘इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129’ के दो यूएस नेवी ईए18-जी ग्रोवलर विमानों के बीच हुई।
उमयम ने एक बयान में कहा कि विमान हवाई प्रदर्शन कर रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि दोनों विमानों के चारों चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए, दुर्घटना की जांच की जा रही है।
वायु सेना अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि चालक दल के सदस्यों की हालत स्थिर है।
‘सिल्वर विंग्स ऑफ इडाहो’ की मार्केटिंग निदेशक किम साइक्स ने बताया कि वायु सेना अड्डे पर किसी को चोट नहीं आई है। उनकी कंपनी ने ही इस एयर शो की योजना बनाने में मदद की थी।
साइक्स ने कहा, ‘‘सभी सुरक्षित हैं और मुझे लगता है कि यही सबसे महत्वपूर्ण बात है।’’
एपी सुरभि शोभना
शोभना