अमेरिका ने पाकिस्तान को एक बार फिर सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि अगर उसने अफगानिस्तान के आतंकी समूहों को पालने का काम जारी रखा तो वह यूएस का विशेष सैन्य सहयोगी होने का दर्जा खो देगा। अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने इस्लामाबाद पर ये सख्त टिप्पणी की है। वहीं अमेरिकी रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस ने भी कहा है कि आतंकवाद के संदर्भ में निश्चित तौर पर पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई होगी। पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी चेतावनी के बाद पाकिस्तान तिलमिला उठा है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के चेयरमैन इमरान खान ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को दक्षिण एशिया क्षेत्र की जानकारी नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि अफगानिस्तान में नाटो की विफलता को छिपाने के लिए अमेरिका पाकिस्तान पर आरोप लगा रहा है। इमरान खान ने कहा कि अमेरिका जितना पैसा देता है, उससे ज्यादा पाकिस्तान गंवा देता है।