इस्लामाबाद, 31 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सोमवार को तीन-दिवसीय यात्रा पर किर्गिस्तान पहुंचे, जहां वह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ)के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
विदेश कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘‘वह (शरीफ) राष्ट्रपति सदिर नुर्गोजहोविच जापारोव के निमंत्रण पर किर्गिस्तान का दौरा कर रहे हैं।’’
विदेश कार्यालय ने कहा, ‘‘इस दौरे में एससीओ राष्ट्रप्रमुखों की परिषद की बैठक में भागीदारी के साथ-साथ किर्गिज़ गणराज्य के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी शामिल होंगी।’’
बिश्केक में अपने प्रवास के दौरान, शरीफ एससीओ प्लस शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे और 2026-27 के लिए एससीओ राष्ट्रप्रमुखों की परिषद की पाकिस्तान की अध्यक्षता ग्रहण करेंगे।
दस-सदस्यीय एससीओ की स्थापना 2001 में चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज़्बेकिस्तान द्वारा की गई थी, जिसमें भारत और पाकिस्तान 2017 में पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल हुए, उसके बाद ईरान और बेलारूस क्रमशद्ध 2023 एवं 2024 में शामिल हुए।
शरीफ एससीओ में भाग लेने वाले राष्ट्रों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और सोमवार को ‘वर्ल्ड नोमैड गेम्स’ के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे।
शरीफ राष्ट्रपति जापारोव के साथ बुधवार को पाकिस्तान-किर्गिस्तान संबंधों की पूरी शृंखला पर द्विपक्षीय वार्ताएं करेंगे।
दोनों पक्ष वाणिज्य और निवेश, ऊर्जा, क्षेत्रीय संयोजन, शिक्षा, पर्यटन और द्विपक्षीय आवागमन में सहयोग को और गहराई से बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा करेंगे।
दोनों नेता पारस्परिक हितों वाले क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा करेंगे तथा क्षेत्रीय एवं बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को लेकर भी बातचीत करेंगे।
शरीफ के साथ उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार, वाणिज्य मंत्री जैम कमाल खान, संचार मंत्री अब्दुल अलीम खान, सूचना मंत्री अताउल्ला तरार और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
भाषा सुरेश दिलीप
दिलीप