रूस का यूक्रेन पर हमला लगातार पांचवे दिन भी जारी रहा

Ads

रूस का यूक्रेन पर हमला लगातार पांचवे दिन भी जारी रहा

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 04:24 PM IST

कीव, 31 अगस्त (एपी) रूस ने सोमवार को लगातार पांचवें दिन यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आस-पास के शहरों को निशाना बनाया।

क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि कीव इलाके के शहरों ब्रोवरी और बोरिस्पिल में रूस के हवाई हमलों से कई गोदामों को नुकसान पहुंचा और चार लोग घायल हुए हैं।

रूस इन हमलों को अंजाम देने के लिए जेट इंजन से लैस ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है जिनका मुकाबला करने में यूक्रेन को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर स्वीकार किया कि उनका देश रूस द्वारा तेज़ी से उड़ने में सक्षम और जेट इंजन संचालित ड्रोन का मुकाबला करने में संघर्ष कर रहा है।

जेलेंस्की ने कहा कि बृहस्पतिवार से रविवार के बीच रूस ने यूक्रेन पर लगभग 1,500 ड्रोन हमले किये जिनमें से करीब 800 ड्रोन जेट इंजन से लैस थे।

उन्होंने बताया कि यूक्रेन की सेना मौजूदा समय में लड़ाकू विमानों की मदद से इन ड्रोन को नाकाम करने की कोशिश कर रही है और इनका मुकाबला करने के लिए प्रभावी तकनीक विकसित करने की कोशिश भी जा रही है।

जेलेंस्की ने कहा, ‘‘चार कंपनियों ने संबंधित ‘इंटरसेप्टर ड्रोन’ विकसित किए हैं, और एक कंपनी के पास सबसे सफल प्रौद्योगिकी है।’’ हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

यूक्रेन ने सोमवार को दावा किया कि रूस लगातार रसद वितरण केंद्रों और खुद्रा बिक्री केंद्रों को निशाना बना रहा है जिससे आपूर्ति शृंखला प्रभावित हुई है। उसने बताया कि कुछ सुपरमार्केट में सामान खत्म हो गया है और लोगों में आवश्यक वस्तुओं की कमी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि वह यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर ‘बड़े हमले’ की तैयारी कर रहा है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि यूक्रेन की ओर से रविवार रात को क्रीमिया और काला सागर सहित उसके नियंत्रण वाले 14 इलाकों पर ड्रोन हमले किये गए जिनमें से 239 हमलों को नाकाम कर दिया गया।

कार्यवाहक क्षेत्रीय गवर्नर अलेक्जेंडर शुवायेव ने बताया कि रविवार शाम रूस के सीमावर्ती शहर बेलगोरोद पर यूक्रेनी मिसाइल हमले में तीन लोगों की मौत हो गई।

एपी

धीरज वैभव

वैभव