पाकिस्तान, सऊदी अरब ने पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने पर चिंता जतायी

Ads

पाकिस्तान, सऊदी अरब ने पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने पर चिंता जतायी

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 11:41 AM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 11:41 AM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 12 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान और सऊदी अरब ने पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने पर चिंता जताते हुए कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच हालिया टकराव से क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता को खतरा पैदा हो गया है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार और सऊदी अरब के उनके समकक्ष प्रिंस फैसल बिन फरहान ने शनिवार को फोन पर बातचीत की। इससे एक दिन पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका-ईरान के बीच ठप पड़ी वार्ता को फिर से शुरू कराने के प्रयासों के तहत ईरान और कतर के नेताओं से अलग-अलग बातचीत की थी।

अधिकारियों ने कहा कि हालिया तनाव और हमलों के बाद संघर्षरत पक्षों के बीच बंद हुई शांति वार्ता को फिर से शुरू करने के प्रयासों के बीच ये बातचीत की गयीं।

अमेरिका और ईरान ने पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के उद्देश्य से 18 जून को इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद 21 जून को स्विट्जरलैंड में तकनीकी स्तर की वार्ता हुई थी, जिसमें पाकिस्तान और कतर ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय (एफओ) के अनुसार, दोनों विदेश मंत्रियों ने ‘‘क्षेत्र के हालिया घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान किया और जून 2026 में अमेरिका तथा ईरान के बीच इस्लामाबाद एमओयू पर हस्ताक्षर होने के बावजूद तनाव बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की।’’

विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि फिर से शुरू हुआ संघर्ष किसी के हित में नहीं है और इससे क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता स्थापित करने के प्रयास कमजोर होते हैं।

सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने जारी कूटनीतिक प्रयासों पर अपने देश का दृष्टिकोण साझा किया और तनाव कम करने तथा संवाद जारी रखने के महत्व पर जोर दिया।

उपप्रधानमंत्री का भी दायित्व संभाल रहे डार ने सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने की पाकिस्तान की अपील दोहराई। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता के प्रयासों को शांतिपूर्ण और सार्थक परिणाम हासिल करने के लिए आवश्यक समय और अवसर दिया जाना चाहिए।

दोनों नेताओं ने निकट संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।

इस बीच, डार ने मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम आदम से भी फोन पर बातचीत की और उन्हें मालदीव के आगामी 61वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

विदेश कार्यालय के अनुसार, विदेश मंत्री आदम ने ईरान-अमेरिका संघर्ष में मध्यस्थता के लिए पाकिस्तान की भूमिका की सराहना की।

दोनों नेताओं ने पाकिस्तान और मालदीव के बीच ‘‘पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों एवं सहयोग को और मजबूत करने की’’ साझा प्रतिबद्धता दोहराते हुए निकट संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी