इस्लामाबाद, छह सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक डार ने रविवार को सऊदी अरब, तुर्किये और मिस्र के अपने समकक्षों से फोन पर अलग-अलग बात की तथा द्विपक्षीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
विदेश कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में बताया कि डार ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान, तुर्किये के विदेश मंत्री हकान फिदान और मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती से फोन पर बातचीत की।
सऊदी विदेश मंत्री के साथ बातचीत में दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के साथ-साथ बहुपक्षीय मंचों पर आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा की।
विदेश कार्यालय ने कहा, “दोनों नेताओं ने इस्तांबुल में हुई मक्का रक्षा गठबंधन की रणनीतिक राजनीतिक और रक्षा समिति की पहली बैठक में बनी सहमतियों पर विस्तृत कार्रवाई पर भी चर्चा की और करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।”
डार ने फिदान से भी बातचीत की और 31 अगस्त को इस्तांबुल में मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के तहत रणनीतिक राजनीतिक और रक्षा समिति की पहली बैठक की मेजबानी करने के लिए उनका धन्यवाद किया।
मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने सात अगस्त को मक्का में हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत यह प्रावधान है कि तीनों देशों में से किसी एक पर सशस्त्र हमला, तीनों देशों पर हमला माना जाएगा। साथ ही इसमें रक्षा सहयोग बढ़ाने की बात कही गई है।
इससे पहले दिन में डार ने अब्देलती से बातचीत कर पाकिस्तान-मिस्र के द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचार विमर्श किया।
विदेश कार्यालय ने कहा कि अब्देलती ने डार को ‘‘उनकी सुविधा के अनुसार जल्द से जल्द मिस्र की द्विपक्षीय यात्रा करने’’ का निमंत्रण दिया।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल