(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, नौ सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग अभियानों में 11 उग्रवादियों को मार गिराया। सेना ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया इकाई ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) के अनुसार, प्रांत के खारान और वाशुक जिलों में छह और सात सितंबर को खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाए गए।
आईएसपीआर ने बताया कि छह सितंबर को खारान जिले में सुरक्षा बलों ने सड़क अवरोधक लगाने और यातायात बाधित करने की कोशिश कर रहे उग्रवादियों को रोक दिया। इसने बताया कि इस दौरान हुई मुठभेड़ में आठ उग्रवादी मारे गए।
सेना ने कहा कि सात सितंबर को वाशुक जिले में उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने उनके ठिकाने को निशाना बनाया।
सेना ने बताया कि गोलीबारी में तीन उग्रवादी मारे गए, जबकि सुरक्षा बलों ने 2.9 टन ऐसा सामान बरामद किया जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) बनाने में किया जा रहा था।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश