पेशावर, छह फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को उत्तर-पश्चिम खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग खुफिया अभियानों में 24 आतंकवादियों को मार गिराया। सेना की मीडिया इकाई ने यह जानकारी दी।
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशन्स (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा, ‘‘4-5 फरवरी को, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में फितना-अल-ख्वारिज से जुड़े चौबीस ख्वारिज मारे गए।’’
फितना-अल-ख्वारिज एक ऐसा शब्द है जिसका इस्तेमाल प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े आतंकवादियों के लिए किया जाता है।
ये दो खुफिया-आधारित अभियान प्रांत के ओरकजई और खैबर जिलों में संचालित किए गए।
ओरकजई जिले में चलाए गए अभियान के दौरान, सैनिकों ने आतंकवादियों को घेर लिया और 14 आतंकवादियों को मार गिराया। जबकि खैबर में एक और अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 10 आतंकवादियों को मार गिराया।
मुठभेड़ों के बाद, सुरक्षा बलों ने ‘‘इलाके में पाए जाने वाले किसी भी अन्य प्रायोजित ख्वारिज को खत्म करने’’ के लिए क्षेत्रों में अभियान चलाए।
सेना की मीडिया इकाई ने कहा कि सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा आतंकवाद विरोधी अभियान, देश में विदेशी प्रायोजित और समर्थित आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए पूरी गति से जारी रहेंगे।
इससे पहले जनवरी में, खैबर पख्तूनख्वा में दो अलग-अलग अभियानों में 11 आतंकवादी मारे गए थे।
नवंबर 2022 में टीटीपी द्वारा सरकार के साथ अपने संघर्ष विराम समझौते को समाप्त करने और हमलों को बढ़ाने का संकल्प लेने के बाद से पाकिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों में वृद्धि देखी गई है।
इस्लामाबाद स्थित पाक इंस्टीट्यूट फॉर पीस स्टडीज द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, रिकॉर्ड संख्या में आतंकवादियों की मौत के बावजूद, पाकिस्तान में 2025 में आतंकवादी हिंसा में भारी वृद्धि देखी गई जिसमें आतंकवादी हमलों में 34 प्रतिशत और आतंकवाद से संबंधित मौतों में साल-दर-साल 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
भाषा वैभव नरेश
नरेश