पाकिस्तान ने अफगानिस्तान से प्रक्षेपित आठ ड्रोन मार गिराये
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान से प्रक्षेपित आठ ड्रोन मार गिराये
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 23 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान से कथित तौर पर प्रक्षेपित किये गये आठ ड्रोन को मार गिराया।
सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि ये ड्रोन पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे।
इस बीच, सीमा पर झड़प की नयी घटनाओं से दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।
सूत्रों ने बताया कि चार ड्रोन को पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में तोरखम सीमा के निकट गिराया गया, जबकि चार अन्य को कोहाट के पास पहाड़ी इलाकों में मार गिराया गया।
इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी।
सूत्रों ने कहा कि इनमें से कुछ ड्रोन को साधारण मॉडल का बताया गया, जबकि कोहाट के निकट पाए गए ड्रोन को ‘‘सॉफ्ट-किल’’ अभियान के जरिए निष्क्रिय कर दिया गया।
‘सॉफ्ट-किल’ अभियान का तात्पर्य किसी दुश्मन के ड्रोन, मिसाइल या सैन्य उपकरण को बिना किसी मिसाइल से उड़ाए, इलेक्ट्रॉनिक और अन्य तरीकों से निष्क्रिय करने से है।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि ड्रोन का उद्देश्य सार्वजनिक क्षेत्रों को निशाना बनाना था।
ड्रोन की यह घटना पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर गोलीबारी के बीच हुई। इससे पहले पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा था कि सुरक्षा बलों ने अफगान सीमा चौकियों के निकट स्थित पक्तिया और नंगरहार प्रांतों के इलाकों से आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।
पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, इसके बाद अफगान तालिबान बलों ने पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर मोर्टार और अन्य भारी हथियारों से गोलीबारी की, जिसके जवाब में पाकिस्तानी सैनिकों ने तोपों से तालिबान की चौकियों, मोर्टार ठिकानों और रक्षा मोर्चों को निशाना बनाकर जवाबी कार्रवाई की।
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के दावे को खारिज कर दिया। तालिबान सरकार ने उन आरोपों से इनकार किया कि अफगान तालिबान बलों ने पाकिस्तानी ठिकानों पर हमला किया था।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


