जयशंकर ने रुबियो से मुलाकात में ‘रूस और ईरान पर प्रतिबंध वाले अमेरिकी कानून’ पर चिंता जाहिर की
जयशंकर ने रुबियो से मुलाकात में ‘रूस और ईरान पर प्रतिबंध वाले अमेरिकी कानून’ पर चिंता जाहिर की
(योषिता सिंह)
न्यूयार्क, 23 सितंबर (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के सत्र से इतर अमेरिका के अपने समकक्ष मार्को रुबियो से मुलाकात की और इस दौरान दोनों देशों के आपसी संबंधों तथा रूस एवं ईरान पर प्रतिबंध लगाने वाले अमेरिकी कानून को लेकर नयी दिल्ली की चिंताओं पर चर्चा की गई।
जयशंकर रविवार को न्यूयॉर्क पहुंचे थे। वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
बैठक के बाद जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से संयुक्त राष्ट्र महासभा (सत्र) से इतर मिलकर अच्छा लगा। एसआरआईए (रूस और ईरान पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून) के संबंध में भारत के हितों और चिंताओं को दोहराया। साथ ही खाड़ी और यूक्रेन की स्थितियों पर भी चर्चा की।’’
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते ‘लिंडसे ओ. ग्राहम रूस और ईरान पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून 2026’ पर हस्ताक्षर किए थे। यह कानून उन्हें चीन और भारत सहित रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार देता है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत ने कहा कि वह अपने आर्थिक हितों की रक्षा और देश के लिए ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।
जयशंकर के साथ बैठक के बाद रुबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका प्रमुख क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर तालमेल बिठा रहे हैं।
रुबियो ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज न्यूयार्क में भारतीय विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मिलकर बहुत अच्छा लगा।’’
रुबियो ने कहा, ‘‘हम मिलकर अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं और प्रमुख क्षेत्रीय प्राथमिकताओं और आगामी बहुपक्षीय प्रयासों पर तालमेल बिठा रहे हैं।’’
दोनों नेताओं ने इस साल जुलाई में मनीला में भी मुलाकात की थी और व्यापार, शुल्क (टैरिफ), ऊर्जा, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर चर्चा की थी।
मनीला बैठक के बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा था कि वे भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के महत्व पर सहमत हुए थे।
भाषा वैभव सुरेश
सुरेश

Facebook


